आयुक्त नहीं होने से जनता परेशान
अमित प्रजापत
सुजानगढ़ (नवयत्न) । सुजानगढ़ नगर परिषद में आयुक्त नहीं होने के कारण आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों के काम नहीं होने के कारण उनमें गुस्सा है। मामले को लेकर स्थानीय निवासी बसंत बोरड़ ने बताया कि उनके एक रिश्तेदार तरुण सेठिया का पट्टा ढाई साल से पेंडिंग चल रहा है। इस पट्टे की फाइल 2024 में जमा करवाई गई थी। जिसके बाद यह दो साल तक इधर से उधर घूमती रही। 5 फरवरी 2026 को नियमन शुल्क के रूप में एक लाख 46 हजार 68 रुपए जमा कर दिए थे। लेकिन आज भी यह फाइल पेंडिंग पड़ी है। मामले को लेकर एक अप्रैल को बसंत के पिता विजय सिंह बोरड़ ने एसडीएम को ज्ञापन देकर पट्टा जारी करवाने का निवेदन भी किया था। बोरड़ ने कहा कि आयुक्त नहीं होने के कारण उन्हें यह परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि अधिकारी नहीं होने के कारण कर्मचारी भी अपनी सीटों पर नजर नहीं आते। बोरड़ ने कहा कि अगर उनका पट्टा जल्दी जारी नहीं किया गया तो उन्हें मजबूरन जयपुर जाकर डीएलबी के अधिकारियों को मामले से अवगत करवाना पड़ेगा।