नगरपरिषद में स्थायी आयुक्त नहीं होने से जनता परेशान
अमित प्रजापत
सुजानगढ़ (नवयत्न)। पंचायत समिति स्थित वीसी रूम में जन सुनवाई हुई, जिसमें एडीएम संतोष मीणा, उपखंड अधिकारी ओमप्रकाश वर्मा ने आम लोगों के परिवाद सुनकर अधिकारियों को समस्याओ के समाधान के लिए निर्देशित किया। विजयपाल श्योराण ने बताया कि छापर स्थित अस्पताल में एक्स रे की व्यवस्था क्यों नहीं है, जिस पर संजय कुमार ने बताया कि वहां पर जगह की कमी है और जहां पर नया भवन बन रहा है, वहां सारी व्यवस्था सही होगी। उपखंड अधिकारी ने कहा कि लोगों को एक्स रे बाहर से नहीं करवाने पड़ें, ऐसी व्यवस्था की जावे। दूसरी ओर हरासर गांव के निवासी कमल हर्षवाल ने उपखंड अधिकारी को परिवाद सौंपकर बताया कि हरासर गांव में तीन सालों की गर्मियां चली गई, उसके बावजूद भी स्वीकृत स्थान पर ट्रांसफार्मर नहीं लगाया जा रहा। जिस पर उपखंड अधिकारी ने सम्बंधित अधिकारी से कहा, तो सामने आया कि कुछ लोग राजनीतिक दबाव बना रहे हैं। इस पर उपखंड अधिकारी ने कहा कि अगर लोग विरोध कर रहे हैं, तो पुलिस जाप्ते को साथ में लेकर नियमानुसार समस्या का समाधान करवाया जावे।
इसी प्रकार जन सुनवाई में पहुंचे भाजपा नेता कमल दाधीच ने कहा कि नगरपरिषद के कार्यवाहक आयुक्त फोन नहीं उठाते और आगामी दिनों में फिर से चापटिया तलाई की समस्या गंभीर होगी। चार ईंच पानी चापटिया में कम नहीं हुआ। कमल दाधीच ने कहा कि अगर इंचार्ज साहब से काम नहीं होता, तो वो हमें लिखकर दे दें, ताकि हम लोग जयपुर मंत्रीजी के पास जायें। जिस पर उपखंड अधिकारी ने कहा कि आप जयपुर जाकर स्थायी आयुक्त लगवाईये, क्योंकि बार-बार चार्ज देने से इन लोगों को परेशानी होती है। इस पर कमल दाधीच ने कहा कि वो तो नई भर्ती हो रही है, उसी से समाधान होगा। जिस पर उपखंड अधिकारी ने कहा कि आप लोग स्थायी आयुक्त लगवाईये, जयपुर में काफी बैठे हैं। उपखंड अधिकारी ने कहा कि चापटिया तलाई का मैंने और एडीएम साहब ने हाल ही में दौरा किया है और आगामी दिनों में समस्या नहीं आए, इसके लिए कार्य किया जा रहा है। निवर्तमान पार्षद दीनदयाल पारीक, पुरूषोतम शर्मा ने भी समस्याएं रखीं। भारतीय किसान संघ के अध्यक्ष पृथ्वीसिंह शेखावत के नेतृत्व में किसानों ने एक ज्ञापन उपखंड अधिकारी ओमप्रकाश वर्मा को सौंपकर 2025-26 की गिरदावरी सही करवाये जाने की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया है कि सेटेलाईट से गिरदावरी की गई है, जिसमें कई खेतों को खाली बता दिया गया है, जबकि कई जगह सरसों की जगह चना हो गया है। अतः गिरदावरी की जांच कर इसे सही करवाया जावे। इस दौरान गिरधारीलाल, हीरालाल, कानाराम, ओमप्रकाश, डूंगरराम, राजूराम सहित अनेक लोग मौजूद रहे। दूसरी ओर सुजला सत्याग्रही विजयपाल श्योराण ने ज्ञापन सौंपकर बताया कि पिछले काफी समय से नाथोतालाब पर स्थित न्यू धर्म कांटा के पास शौचालय बनवाये जाने की मांग प्रशासन से की जा रही है, लेकिन फिर भी समाधान नहीं किया गया जा रहा है। अगर प्रशासन समाधान नहीं करेगा, तो आगामी 15 अगस्त से जनता खुद चंदे से पैसा एकत्रित करके वहां पर पैशाबघर या शौचालय का निर्माण करवायेगी। शिवबाड़ी रास्ते से अतिक्रमण हटाये जाने की मांग की गई है। पवन कुमार, पूसादास, सुरेश कुमार, बाबूलाल, रामरतन आदि के हस्ताक्षरों से युक्त सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया है कि शिवबाड़ी रोड़ पर स्थित सार्वजनिक रास्ते पर कुछ लोगों द्वारा किए गए अतिक्रमण के कारण लोगों को काफी दिक्कत होती है। अगर जल्द अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो मजबूरन धरना देना पड़ेगा। कोडासर गांव के एक व्यक्ति ने हाथ तोड़कर रोते हुए कहा कि मेरे खेत में आने जाने का रास्ता लोगो ने बंद कर दिया है। जिस पर तहसीलदार ने कहा कि टीम बना दी है, जल्दी ही समाधान हो जाएगा। इस दौरान तहसीलदार गिरधारीलाल पारीक, पशुपालन विभाग से संयुक्त निदेशक केशरीचंद नाई, नगरपरिषद आयुक्त विक्रम जोरवाल सहित अनेक विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।