उपखण्ड अधिकारी ने राजकीय चिकित्सालय का किया निरीक्षण
अबुबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न)। एसडीएम ममता लहुआ ने गुरुवार को राजकीय चिकित्सालय का आकस्मिक निरीक्षण कर चिकित्सा एवं जनसुविधा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों, ओपीडी, दवा वितरण केन्द्र, आपातकालीन कक्ष तथा अस्पताल परिसर का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उपखण्ड अधिकारी ने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से संवाद कर उपचार, दवा की उपलब्धता तथा अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने पीएमओ डॉ भरत कसेरा को मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। अस्पताल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था का विशेष निरीक्षण करते हुए उन्होंने नियमित सफाई, जैव-चिकित्सा अपशिष्ट के वैज्ञानिक निस्तारण, शौचालयों की स्वच्छता तथा वार्डों में स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों एवं परिजनों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना चिकित्सा प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
गर्मी के मौसम को देखते हुए उपखण्ड अधिकारी ने पेयजल, कूलर, पंखों एवं विद्युत व्यवस्था को सुचारु रखने तथा मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने देने के निर्देश दिए। साथ ही दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने एवं अस्पताल परिसर में नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी प्रदान किए। एसडीएम ने कहा कि चिकित्सा सेवाओं एवं स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।