तिरंगा सिर्फ ध्वज नहीं, संघर्ष और बलिदान की कहानी

हर्ष सोनी
झुंझुनू (नवयत्न)। आजम नगर स्थित एसएसबी शिक्षण संस्थान में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में शिक्षाविद सुलेमान खान, इरशाद खान, खादिम तगाला, इंजीनियर मोहम्मद इमरान, आबिद तगाला एवं दिनेश शर्मा सहित विद्यार्थी, अभिभावक और क्षेत्र के नागरिक मौजूद रहे। इस अवसर पर शिक्षाविद इंजीनियर मोहम्मद इमरान ने विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं उपस्थित नागरिकों को देश की आजादी के लिए किए गए संघर्ष, आंदोलनों तथा स्वतंत्रता सेनानियों द्वारा झेली गई यातनाओं और कठिनाइयों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि देश की आजादी हजारों स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। स्वतंत्रता के वास्तविक मूल्य को समझते हुए राष्ट्रहित को सदैव सर्वोपरि रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि देशप्रेम प्रत्येक नागरिक का प्रथम कर्तव्य होना चाहिए। आन-बान-शान का प्रतीक तिरंगा सिर्फ ध्वज नहीं बल्कि जुल्म और यातनाओं के दौर से गुजरकर मिली आजादी की कहानी है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा देश की एकता, अखंडता और सम्मान के लिए सदैव समर्पित रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज को नमन करते हुए देश की स्वतंत्रता, एकता और अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लिया। विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों और राष्ट्रप्रेम की भावना से गूंज उठा।

You might also like