ट्रैक्टर चढ़ाकर छोटे भाई ने की बड़े भाई की हत्या

निसं 

खेतड़ी (नवयत्न)। पचेरी कलां थाना क्षेत्र के रसुलपुर गांव में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां सगे भाई ने ही अपने ही बड़े भाई की जान ले ली। जानकारी के अनुसार रसुलपुर निवासी अनुप (35) पुत्र कंवर सिंह दोपहर करीब दो बजे बाहर से अपने घर आया था। इसी दौरान उसके सगे भाई अजीत व अनूप में दोस्तों के साथ रहने को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान दोनों ने आपस में मारपीट शुरू कर दी। घटना के दौरान अनुप ने अपने चाचा के बेटे कृष्ण यादव को फोन कर बताया कि उसके साथ मारपीट हो रही है।

कृष्ण यादव के अनुसार जब वह मौके पर पहुंचा तो विवाद इतना बढ़ गया कि अजीत ने ट्रैक्टर चढ़ाकर अनुप को कुचल दिया, जिससे उसकी गंभीर हालत हो गई। इस दौरान बीच बचाव करने पर कृष्ण के साथ भी मारपीट की गई, जिससे उसके सिर में चोट लगने से घायल हो गया। ट्रैक्टर से कुचलने से घायल अनूप को परिजन उसे तुरंत पचेरी के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसे बुहाना रेफर कर दिया गया। इसके बाद उसे बुहाना के राजकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद अनुप को मृत घोषित कर दिया। मृतक अनूप शादीशुदा था तथा उसके कोई संतान नहीं है। पिता की काफी समय पहले हार्ट अटैक से मौत हो चुकी है। मृतक दिल्ली में कंपनी में काम करता था। वह बुधवार को ही अपने गांव आया था। घटना की सूचना पर पचेरीकलां पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का मौका मुआयना कर आवश्यक जानकारी जुटाई। थानाधिकारी बनवारीलाल यादव ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि अजीत ने ट्रैक्टर चढ़ाकर अपने ही भाई की हत्या कर दी है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपियों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।

You might also like