6 दुकानों में चोरी का खुलासा, एक गिरफ्तार

श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न) । नोखा के मुख्य बाजार में 6 दुकानों में हुई नकबजनी का पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा किया है। मामले में एक शातिर नकबजन खुमाराम (24) निवासी साधासर, थाना जसरासर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पहले भी सात आपराधिक मामलों में शामिल रहा है और पूछताछ में बीकानेर जिले की लगभग एक दर्जन नकबजनी की वारदातें कबूल चुका है।
एक ही रात में कई दुकानों के ताले तोड़े
पुलिस ने बताया-वारदात 30 जुलाई की सुबह सामने आई थी। घंटाघर क्षेत्र में मनोज कुमार, महेश कुमार किराना स्टोर सहित कई दुकानों के ताले टूटे मिले। इस दौरान चोर एक दुकान से लगभग डेढ़ लाख रुपए नकद ले गए। जबकि अन्य दुकानों से नकदी, सामान और दान पेटियों में रखी रकम भी चोरी हो गई। वहीं एक दुकान में अंदर का ताला नहीं टूटने के कारण चोरी का प्रयास विफल रहा था। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी, जिसमें आरोपी सरिया लेकर दुकानों के ताले तोड़ते हुए दिखाई दिया था।
आरोपी की पहचान कर गिरफ्तार किया
वारदात के बाद एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने 100 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जिससे आरोपी की पहचान हो सकी। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसे गंगापुरा (कोलायत) क्षेत्र से हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया।
कई अन्य वारदातों का भी हुआ खुलासा
पूछताछ के दौरान, आरोपी ने नोखा की घटना के अलावा नापासर थाना क्षेत्र में चार नकबजनी और मुक्ताप्रसाद थाना क्षेत्र स्थित राजाराम धारणिया एजेंसी में पांच लाख रुपए से अधिक की नकबजनी की वारदातें भी कबूल की हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी से आगे की पूछताछ जारी है और जिले की अन्य वारदातों का खुलासा होने की भी संभावना है।
दिन में घूमकर करता था रेकी
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी दिन के समय बाइक से बाजारों में घूमकर बंद दुकानों की रेकी करता था। रात में वह अकेले ही मौके पर पहुंचता, सरिए से ताले तोड़ता और नकदी व कीमती सामान लेकर फरार हो जाता था। अपनी पहचान उजागर होने के डर से वह किसी साथी को अपने साथ नहीं रखता था।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में थानाधिकारी गोविंद सिंह चारण, उपनिरीक्षक ताराचंद, हेड कॉन्स्टेबल सतीश मुंड, रामेश्वरलाल धूधवाल, कॉन्स्टेबल तेजाराम तथा गणेश गुर्जर सहित थाना नोखा की विशेष टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

You might also like