ईमित्र संचालक पर तीन युवकों ने किया जानलेवा हमला, गम्भीर घायल

सुभष वर्मा
तारानगर (नवयत्न) । तारानगर पुलिस थाना क्षेत्र में अपनी दुकान बंद कर दुकान से गांव जा रहे एक ईमित्र संचालक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में ईमित्र संचालक गम्भीर घायल हो गया जिसको तारानगर उपजिला अस्पताल भर्ती करवाया गया जंहा उसका इलाज चल रहा है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार तारानगर के गांव ढाणी छत्तूसिंह निवासी गोपालराम पुत्र हुणताराम प्रजापत ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि उसका भाई सीताराम ने तारानगर में रोडवेज बस स्टैंड पर ई-मित्र की दुकान कर रखी है। सोमवार रात करीब 8 बजे दुकान बंद करने के बाद सीताराम गांव अलायला निवासी अजय कुमार पुत्र गोपीराम प्रजापत के साथ मोटरसाइकिल से गांव की ओर रवाना हुआ। दोनों ने कस्बे में कंदोई पेट्रोल पंप पर बाइक में पेट्रोल भरवाया और राजगढ़ रोड स्थित फौजी होटल के सामने इंडस्ट्रियल एरिया के रास्ते से गांव की तरफ जा रहे थे। अजय सीताराम के कुछ आगे अपनी बाइक पर चल रहा था और सीताराम उसके पीछे पीछे अपनी बाइक पर था। इसी दौरान अलायला मार्ग पर बीएसएनएल टावर के पास दो युवक बाइक पर बैठे थे व एक युवक बाइक के पास टहल रहे था। जब सीताराम अपनी मोटरसाइकिल पर वंहा से गुजरा तो तीनों युवक बाइक पर सवार होकर सीताराम का पीछा करने लगे। थोड़ी दूर चलने के बाद तीनों युवकों ने सीताराम की बाइक को ओवरटेक कर उनकी बाइक के आगे अपनी बाइक लगाकर सीताराम की बाइक को रुकवा लिया। आरोप है कि बाइक रोकने के बाद तीनों युवकों ने सीताराम से उनके गांव का नाम पूछा। गांव का नाम बताने के बाद एक युवक ने सीताराम की आंखों में मिर्च जैसा पाउडर फेंका और कहा कि यह करवाएगा सरपंच की जेल इसे जान से मार दो। इतने में ही एक अन्य युवक ने कुल्हाड़ी जैसे धारदार हथियार से सीताराम के सिर पर जानलेवा वार किया, जिससे वह बाइक से नीचे गिर गया। इसके बाद आरोपियों ने लाठी-डंडों व सरियों से सीताराम के साथ बेरहमी से मारपीट की। इसी दौरान रास्ते से आ रहे पवन कुमार पुत्र अमीचंद एवं चुनाराम पुत्र गणेशाराम निवासी अलायला के वाहन की लाइट देखकर हमलावर मौके से भागने लगे। रिपोर्ट के अनुसार, एक आरोपी ने सीताराम की जेब से मोबाइल निकालकर उसे तोड़ दिया व जेब से करीब 1800 रुपये निकालकर पैदल तारानगर की तरफ भाग गया, जबकि दो आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हो गए। पवन कुमार और चुनाराम ने घायल सीताराम को संभाला तथा पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल सीताराम को तारानगर के उप जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई गई है। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि पीड़ित ने ग्राम पंचायत अलायला में गबन एवं भ्रष्टाचार के मामले को लेकर उच्च न्यायालय जोधपुर में अलायला सरपंच के खिलाफ जनहित याचिका दायर कर रखी है। इसी मामले को लेकर अलायला सरपंच उससे रंजिश रखता है। जनहित याचिका वापस लेने को लेकर पूर्व में भी सरपंच ने उसे जान से मारने की धमकी तक दे चुका है। पीड़ित पक्ष ने आशंका जताते हुए इस जानलेवा हमले के पीछे अलायला सरपंच की भूमिका होने का आरोप लगाया है। ईधर घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन व बड़ी संख्या में लोग तारानगर थाने पहुंचे और थानाधिकारी पुष्पेंद्र सिंह से मिलकर मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। तारानगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

You might also like