ट्रेन में हुए सवार श्रमिकों ने कहा जय हिंद सर जिला कलेक्टर के प्रयास से 1260 श्रमिक हुए बिहार के लिए रवाना

झुंझुनू,(अश्वनी शर्मा)26 मई। वैश्विक महामारी कोरोना के चलते देशभर में लागू किए गए लॉकडाउन की वजह से राजस्थान में अन्य प्रदेशों से आए श्रमिक झुंझुनू जिला प्रशासन के अथक प्रयासों से अपने घरों को अब लौटने लगे। मंगलवार को झुंझुनू रेलवे स्टेशन से 1260 श्रमिक व 34 बच्चे बिहार के लिए स्पेशल श्रमिक ट्रेन झुंझुनू से किशनगंज बिहार के लिए सुबह 10:23 बजे झुंझुनू रेलवे स्टेशन से रवाना हुई।जैसे ही झुंझुनू स्टेशन से ट्रेन रवाना हो रही थी ट्रेन में सवार श्रमिकों ने हाथ हिलाकर सरकार का अभिवादन किया वही झुंझुनू जिला कलेक्टर यूडी खान को जय हिंद सर कहकर आभार जताया।

श्रमिकों का किराया भार राज्य सरकार ने किया वहन

जिला कलेक्टर यूडी खान ने बताया कि श्रमिक स्पेशल ट्रेन में जा रहे सभी श्रमिकों का किराया राज्य सरकार द्वारा वहन किया गया है।जो अनुमानित 11 लाख रुपए है श्रमिकों का सफर नि:शुल्क है साथ ही जिला प्रशासन द्वारा भोजन के पैकेट, पानी, सैनिटाइजर व मास्क की व्यवस्था भी श्रमिकों के लिए की गई है।

रेवेस्टेशन पर रही चाक-चौबंद व्यवस्था

झुंझुनू रेलवे स्टेशन अधीक्षक बजरंगलाल शेखावत ने बताया कि झुंझुनू से चलने वाली स्पेशल श्रमिक गाड़ी संख्या 04857 झुंझुनू रेलवे स्टेशन से रवाना होकर सीकर जयपुर होते हुए बुधवार को 27 घंटे का सफर तय कर दोपहर 1:00 बजे किशनगंज (बिहार) पहुंचेगी।रेलवे स्टेशन पर उद्घोषक द्वारा बार-बार सोशल डिस्टेंसिंग की पालना के लिए घोषणा होती रही।स्टेशन अधीक्षक शेखावत ने बताया कि श्रमिक स्पेशल ट्रेन में 24 जनरल कोच की गाड़ी हैं,जिसमें 1600 सवारियों के बैठने की क्षमता है।सभी कोचों के ऊपर नंबर अंकित कर श्रमिकों को परेशानी से बचाया गया है,वहीं रेलवे स्टेशन पर सुबह से ही श्रमिकों को सैनिटाइज होने के बाद ही प्लेटफार्म पर आने दिया गया है।

उपखंड अधिकारी यादव ने संभाले रखा बस स्टैंड पर मोर्चा

झुंझुनू उपखंड अधिकारी सुरेंद्र कुमार यादव ने चिकित्सा टीम व झुंझुनू पटवारी दिलीप बुगालिया के साथ मिलकर झुंझुनू बस स्टैंड पर मोर्चा संभाले रखा जिले के विभिन्न स्थानों से राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की बसों द्वारा श्रमिकों को झुंझुनू के केंद्रीय बस स्टैंड पर लाया गया। सभी श्रमिकों की थर्मल स्कैनिंग की गई और सैनिटाइज और सोशल डिस्टेंसिंग का विशेष ध्यान रखा गया।जिसकी मॉनिटरिंग खुद झुंझुनू खंड अधिकारी सुरेंद्र कुमार यादव करते रहे। साथ ही सभी श्रमिकों को पानी की बोतल व भोजन पैकेट का भी वितरण अपनी देखरेख में करवाया।

पुलिस प्रशासन व स्काउट गाइड का रहा विशेष योगदान

रेलवे स्टेशन पर सुबह से ही पुलिस के आला अधिकारियों ने डेरा डाले रखा शहर कोतवाल गोपाल सिंह ढ़ाका जाब्ते के साथ सुबह से ही रेलवे स्टेशन पर श्रमिकों को सैनिटाइज व जांच पड़ताल के साथ ही रेलवे स्टेशन पर मुस्तैदी के साथ कमान संभाले हुए थे।वहीं स्काउट गाइड सीओ महेश कलावत के निर्देशन में स्काउट गाइड के 72 स्काउट गाइडों ने चिलचिलाती हुई धूप व गर्मी में सभी श्रमिकों को उनके स्थान तक पहुंचाने के साथ श्रमिकों का सामान,भोजन के पैकेट व पानी की बोतल ट्रेन चलने के उपरांत भी दौड़ दौड़ कर पहुंचाते रहे।

गाड़ी में सवार होते ही चेहरे खिल उठे श्रमिकों के

बसों के माध्यम से रेलवे स्टेशन पर लाए गए श्रमिकों के चेहरे अपने घर जाने की खुशी में खिले हुए नजर आए। वहीं श्रमिकों का यह भी कहना था कि झुंझुनू में रहकर हमें कभी यह एहसास नहीं हुआ कि हम अपने घरों से दूर रहे हैं।साथ ही कहा कि दाना-पानी रहा तो फिर आएंगे झुंझुनू। एक तरफ जहां उनके चेहरे पर अपने घर जाने की खुशी झलक रही थी,वहीं झुंझुनू छोड़कर जाने का गम भी बयां हो रहा था।

प्रशासन के आला अधिकारी रहे मौजूद

श्रमिक स्पेशल ट्रेन को रवाना करने के लिए रेलवे स्टेशन पर प्रशासन के आला अधिकारी मौजूद रहे।हालाकी ट्रेन रवानगी का समय 10:00 बजे निर्धारित था लेकिन झुंझुनू जिला कलेक्टर उमरदीन खान 9:15 बजे ही रेलवे स्टेशन पर पहुंच गए। जिससे पूरा प्रशासन रेलवे स्टेशन पर ही जमा रहा।रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त कलेक्टर राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल,उपखंड अधिकारी सुरेंद्र यादव,शहर कोतवाल गोपाल सिंह ढ़ाका,जिला परिवहन अधिकारी मक्खन लाल जांगिड़, उपनिदेशक महिला अधिकारिता विभाग विप्लव न्यौला,एडीईओ कमलेश तेतरवाल,जिला रसद अधिकारी अमृतलाल इत्यादि मौजूद रहे।

तालियां बजी तो हुआ फोटो सेशन भी

रेलवे स्टेशन से जैसे ही श्रमिक स्पेशल ट्रेन रवाना हुई उसी के साथ ही स्काउट गाइड के जवानों के साथ जिला कलेक्टर उमरदीन खान,अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल,उपखंड अधिकारी सुरेंद्र यादव व अन्य उपस्थित अधिकारियों सहित पुलिसकर्मियों ने भी तालियां बजाकर ट्रेन को रवाना किया।वहीं ट्रेन में सवार श्रमिकों ने भी हाथ हिलाकर जय हिंद के नारों के साथ जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।जिला कलेक्टर उमरदीन खान के साथ लोगों ने खूब फोटो सेशन किया।कई अधिकारी भी जिला कलेक्टर खान के संग फोटो खिंचवाने में तल्लीनता से लगे रहे।साथ ही कुछ युवाओं ने जिला कलेक्टर के साथ सेल्फी भी ली।

You might also like