राजकीय आयुष चिकित्सालय परिसर में पौधरोपण

महेंद्र खडोलिया
श्रीमाधोपुर (नवयत्न)। पर्यावरण गतिविधि श्रीमाधोपुर के तत्वावधान में राजकीय आयुष चिकित्सालय के नवनिर्मित परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन चरक जयंती के अवसर पर किया गया, जिसमें विभिन्न सामाजिक एवं पर्यावरण संगठनों ने सहयोग करते हुए चिकित्सालय परिसर को हराभरा बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ माधव सिंह ने कहा कि पर्यावरण गतिविधि का विचार पर्यावरण संरक्षण को लेकर पूरी तरह समर्पित है। पर्यावरण संरक्षण को केवल किसी एक संस्था या व्यक्ति का कार्य न मानकर इसे जनांदोलन का विषय बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पौधरोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों की देखभाल और उनका संरक्षण भी हमारी जिम्मेदारी है। लायंस क्लब के अध्यक्ष सीताराम सैनी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है। समाज के सभी वर्गों को आगे आकर पर्यावरण को बचाने का प्रयास करना चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रगतिशील किसान एवं सेवानिवृत्त एनबीसी अधिकारी चंद्रमोहन जांगिड़ ने की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण और खेती का आपस में गहरा संबंध है। आने वाली पीढ़ियों को स्वस्थ वातावरण देने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की आवश्यकता है। विशिष्ट अतिथि आयुर्वेद विभाग के जिला उपनिदेशक डॉ महेश सोनी ने औषधीय पौधों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आयुर्वेद में अनेक पौधों का विशेष औषधीय महत्व है। आयुष चिकित्सालय परिसर में औषधीय पौधों की वाटिका विकसित होने से आमजन को पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ औषधीय वनस्पतियों के बारे में जानकारी भी मिलेगी। पौधरोपण अभियान में लायंस क्लब श्रीमाधोपुर, जल बचाओ पेड़ लगाओ जीवन बचाओ समिति, दीपिका नर्सरी सोलाना, झुंझुनू तथा शिवशक्ति नर्सरी जयरामकावाली का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर उपभोक्ता आयोग के सदस्य अशोक पारीक, सामाजिक कार्यकर्ता कन्हैयालाल चौरसिया, योग गुरु सुभाष कुमावत, सुरेश कूड़ी, हिन्दू समाज मंडल के सत्यनारायण गुरु, आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ सत्यनारायण सैन, डॉ विनय कुमार, भगवान सहाय महर्षि, सागरमल हलवाई, आरपी जांगिड़, रामरतन सोनी सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम संयोजक एवं आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ चंद्रप्रकाश व्यास ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि नगर के विभिन्न सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं संस्थाओं के सहयोग से राजकीय आयुष चिकित्सालय के परिसर को चरणबद्ध रूप से हरा-भरा बनाया जाएगा। परिसर में विशेष रूप से औषधीय पौधों की वाटिका तैयार करने की योजना है ताकि यह स्थान पर्यावरण संरक्षण के साथ आयुर्वेद और औषधीय वनस्पतियों के अध्ययन एवं जागरूकता का केंद्र भी बन सके।
आज होगा विशेष पौधारोपण अभियान
डॉ व्यास ने बताया कि 19 अगस्त को सुबह 6:30 बजे से 8 बजे तक विशेष पौारोपण अभियान चलाया जाएगा। इसमें समाज के सभी वर्गों को आमंत्रित किया गया है। उन्होंने विशेष रूप से मातृशक्ति से भी अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनने का आह्वान किया। आयोजकों ने कहा कि आयुष चिकित्सालय परिसर को केवल एक चिकित्सकीय परिसर के रूप में नहीं बल्कि हरित एवं औषधीय परिसर के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, आयुर्वेद और जनभागीदारी को एक साथ जोड़ते हुए पौधरोपण को जनअभियान का रूप देने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया।

You might also like