शहीद श्योदानाराम की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि
नंदलाल गौड़
लोसल (नवयत्न)। नगरपालिका क्षेत्र के हरिपुरा में शहीद स्मारक पर मंगलवार को अमर शहीद श्योदानाराम की पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन श्रद्धा, सम्मान एवं राष्ट्रभक्ति के भावों के साथ किया गया। इस अवसर पर शहीद वीरांगना भंवरी देवी, शहीद के बड़े भाई सुखाराम बिजारणियां तथा उपस्थित सैनिकों का सम्मान कर उनके राष्ट्र के प्रति समर्पण, साहस और त्याग को सादर नमन किया गया।
शहीद की पुण्यतिथि पर शहीद स्मारक पर मैला जैसा माहौल बन गया। कार्यक्रम में नायब तहसीलदार राजेंद्र सिंह, सीआई संगीता मीणा, चेयरमैन प्रतिनिधि स्माइल नागौरी, गोविंदराम बिजारणिया, मोहन बाजिया, रणवीर सिंह बिजारणिया, बीआर हरिपुरा, रामेश्वर लाल बाजिया, रामेश्वर लाल शेषमा, राजेंद्र बाजिया, भोमाराम जाखड़ व किशन लाल जाखड़ उपस्थित रहे। कार्यक्रम में स्मारक स्थल में संचालित राजकीय विद्यालय का नामकरण शहीद के नाम से करवाने पर स्थानीय विधायक गोरधन वर्मा का आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम में शामिल लोगों ने अमर शहीद श्योदाना राम की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके अद्वितीय साहस, सर्वोच्च बलिदान और अटूट राष्ट्रभक्ति को स्मरण किया। वक्ताओं ने कहा कि मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले ऐसे वीर सपूत सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणा के स्रोत रहेंगे।