पंचायतीराज मंत्रालयिक कर्मचारी संघ के दिवंगत साथी को दी श्रद्धांजलि

नवतरण वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न)। पंचायत समिति चूरू में पद स्थापित कनिष्ठ सहायक हिम्मतसिंह शेखावत की राष्ट्रीय जनगणना की ड्यूटी करने के दौरान दुर्घटना से हुई आकस्मिक मृत्यु से पंचायतीराज मंत्रालयिक कर्मियों में दुख की लहर दौड़ गई। स्थानीय पंचायत समिति के मंत्रालयिक कर्मचारी संघ शाखा द्वारा शोक सभा का आयोजन किया गया। शाखा के संरक्षक मोहनसिंह राठौड़ ने बताया कि 28 मई को जनगणना का कार्य करते वक्त कनिष्ठ सहायक हिम्मतसिंह शेखावत को पीछे से आती हुई मोटरसाइकिल की टक्कर लगी जिससे गिरने पर सडक़ के डिवाइडर से उनके सर में गंभीर चोट आ गई थी। उनका गत एक माह जयपुर में इलाज चल रहा था। एक माह तक मृत्यु से संघर्ष करने के बाद हिम्मतसिंह शेखावत का गत शनिवार देर रात आकस्मिक निधन हो गया। अपने एक साथी के यूं दिवंगत हो जाने से पंचायतीराज मंत्रालय कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ पड़ी। कार्मिक संघ के पदाधिकारियों ने शेखावत के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा दो मिनट का मौन रख कर श्रद्धांजलि अर्पित की। शोक सभा में शाखा अध्यक्ष प्रभुसिंह राठौड़, अनिल पारीक, हरिश स्वामी, नंदनसिंह, रहीशसिंह, गुलाम कादर, गजेंद्रसिंह, मनोज चारण, संजय, मुकेश मीणा, नानूराम जाट, लीलाधर, मनफूल सहित अन्य पंचायतीराज मंत्रालयिक कर्मचारी उपस्थित रहे।

You might also like