भानुदा में बलिदान दिवस मनाकर वायुसेना के शहीद जांबाजों को दी श्रद्धांजलि
ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न) । चूरू जिले के भानुदा गांव में बुधवार को ग्रामीणों ने बलिदान दिवस मनाते हुए गत वर्ष 9 जुलाई 2025 को वायुसेना के प्रशिक्षण विमान हादसे में शहीद हुए जांबाज फाइटर पायलट स्क्वाड्रन लीडर लोकेंद्र सिंह सिंधु एवं फ्लाइट लेफ्टिनेंट ऋषिराज सिंह देवड़ा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे गांव की गौशाला में हुई, जहां शहीद स्क्वाड्रन लीडर लोकेंद्र सिंह सिंधु की धर्मपत्नी डॉ. सुरभि 13 माह के पुत्र अभ्युदित, पिता जोगिन्द्र, माता अनिता ससुर सुशील कुमार सास सुनीता भाई ज्ञानेंद्र, भाभी सोनिका सहित परिजनों एवं रिश्तेदारों ने गायों को हरा चारा और गुड़ खिलाकर सेवा की।इसके बाद सभी श्रद्धालु शहीद स्मारक पहुंचे, जहां स्क्वाड्रन लीडर लोकेंद्र सिंह सिंधु एवं फ्लाइट लेफ्टिनेंट ऋषिराज सिंह देवड़ा की स्मृति में हवन किया गया। हवन के पश्चात आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शहीदों के सम्मान में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें नमन किया गया तथा राष्ट्रीयगान का सामूहिक गायन किया गया। इस दौरान दोनों शहीदों के जीवन परिचय का भी वाचन किया गया। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में ग्रामीणों ने शहीद स्क्वाड्रन लीडर लोकेंद्र सिंह सिंधु के परिजनों का माला एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया। उपस्थित ग्रामीणों ने संकल्प लिया कि प्रत्येक वर्ष 9 जुलाई को बलिदान दिवस के रूप में मनाया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियां देश के वीर सपूतों के त्याग, बलिदान और राष्ट्रसेवा से प्रेरणा ले सकें।कार्यक्रम का संचालन विजयपाल भुवाल ने किया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत के निवर्तमान सरपंच गुलाराम मेघवाल पूर्व सरपंच पदमा भुवाल, कल्याण सिंह बीका इंदरचंद शर्मा, जगदीश शर्मा, रतनी शर्मा प्रकाश कंवर भगवानी देवी हीरालाल शर्मा राजूराम चौहान रामकुमार शर्मा बुधाराम शर्मा लीलाधर चूलेट शंकरदान चारण सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।