राखी की डोर से जुड़ा भरोसा, पुलिस ने दिया रक्षा का वचन

अशोक राईका
झुंझुनूं (नवयत्न)। रक्षाबंधन पर्व पर जिले में पुलिस और महिलाओं के बीच भरोसे का रिश्ता मजबूत करने के लिए ‘रक्षा का वचन’ अभियान चलाया गया। रिजर्व पुलिस लाइन झुंझुनूं सहित जिले के सभी थानों में आयोजित कार्यक्रमों में महिलाओं और स्कूल बालिकाओं ने पुलिस अधिकारियों व जवानों को राखी बांधी। इसके बाद पुलिस अधिकारियों और जवानों ने महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहने का संकल्प लिया। रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में एसपी कावेंद्र सिंह सागर, एएसपी देवेंद्र सिंह राजावत समेत अधिकारी मौजूद रहे। महिलाओं व बालिकाओं ने पुलिसकमियों को राखी बांधकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया। एसपी ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। किसी भी परेशानी की स्थिति में पुलिस उनकी मदद के लिए हमेशा उपलब्ध रहेगी।
अपराध से बचाव के बताए तरीके
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को महिला अपराध, साइबर ठगी, घरेलू हिंसा और छेड़छाड़ से बचाव के तरीके बताए गए। पुलिस ने कहा कि साइबर अपराधी अलग-अलग तरीकों से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं, इसलिए किसी अनजान व्यक्ति से ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी या अन्य निजी जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। महिलाओं को किसी भी तरह की परेशानी होने पर पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस हेल्पलाइन और महिला हेल्पलाइन सहित उपलब्ध सहायता माध्यमों की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि अपराध की सूचना देने में किसी तरह का डर या संकोच नहीं रखना चाहिए।
थानों में भी हुए कार्यक्रम
जिले के सभी पुलिस थानों में भी ‘रक्षा का वचन’ अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिसकर्मियों ने महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने तथा जरूरत के समय तत्काल सहायता देने का भरोसा दिलाया। अभियान के माध्यम से पुलिस ने ‘सुरक्षा, सम्मान और सहयोग’ का संदेश दिया।

You might also like