युवक पर देशी कट्टे से जानलेवा फायरिंग करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
निसं
जयपुर (नवयत्न) । खोराबीसल थाना पुलिस ने आपसी झगड़े के दौरान एक युवक पर अवैध देशी कट्टे से जानलेवा फायरिंग करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त अवैध देशी कट्टा, फायर किया हुआ खाली कारतूस का खोल और घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है। प्रारंभिक अनुसंधान में सामने आया है कि आरोपी विष्णु कुमार ने देशी कट्टा और कारतूस मेवात से खरीदना बताया है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर (पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि खोराबीसल थाना पुलिस ने आपसी झगड़े के दौरान एक युवक पर अवैध देशी कट्टे से जानलेवा फायरिंग करने के मामले में विष्णु कुमार (19) निवासी अटलबंध जिला भरतपुर हाल लालचंदपुरा जयपुर और अभिषेक जाजोरिया उर्फ यश (20) निवासी खोराबीसल जयपुर को गिरफ्तार किया है।पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही उनके अन्य आपराधिक वारदातों में शामिल होने और संभावित साथियों के संबंध में जांच पड़ताल की जा रही है।
खोराबीसल थानाधिकारी सुरेन्द्र सिंह के अनुसार मनसारामपुरा खोराबीसल निवासी गणेश शर्मा (20) पुत्र ईश्वर लाल शर्मा ने 15 नवंबर 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिवादी ने बताया कि 15 नवंबर को शाम करीब सात बजे वह लालचंदपुरा स्थित विधायक कैफे की तरफ जा रहा था। इसी दौरान विष्णु धोबी और यश मोटरसाइकिल पर सवार होकर उसके सामने आए। दोनों ने उसके साथ गाली-गलौज की और लाठियों से मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने उस पर देशी कट्टे से फायरिंग कर दी। परिवादी ने किसी तरह बचकर अपनी जान बचाई, जबकि आरोपी मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर जांच में जुट गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और उसके आसपास के क्षेत्रों के साथ ही निवारू रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में मिले हुलिए के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। इसी दौरान जिला विशेष टीम के कांस्टेबल मुकुट बिहारी मीणा को मुखबिर से आरोपियों के संबंध में सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने निवारू पुलिया के पास दबिश देकर दोनों वांछित आरोपियों को दस्तयाब कर गिरफ्तार किया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर वारदात के बाद छिपाया गया अवैध देशी कट्टा, फायर किया हुआ खाली कारतूस का खोल और घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी विष्णु कुमार ने देशी कट्टा और कारतूस मेवात से खरीदना बताया है। वहीं वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल अभिषेक जाजोरिया की होना सामने आया है। पुलिस के अनुसार अभिषेक जाजोरिया के पिता मूल रूप से दिल्ली के निवासी थे और पिछले कई वर्षों से लालचंदपुरा निवारू रोड क्षेत्र में रह रहे हैं।