ट्रेलर से टायर, रिम, डीजल और नकदी चोरी का खुलासा, चालक गिरफ्तार
श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न) । नोखा पुलिस ने ट्रेलर से सामान और नकदी चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक सुनील बिश्नोई को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर चोरी के मामले में जांच कर रही है।
ट्रेलर के चार टायर और रिम बदलने का आरोप
थानाधिकारी गोविंद सिंह चारण ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक रेंज बीकानेर ओमप्रकाश एवं पुलिस अधीक्षक बीकानेर मृदुल कच्छावा के निर्देश पर कार्रवाई की गई। इसके लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बनवारी लाल और नोखा वृत्ताधिकारी जरनेल सिंह की निगरानी में टीम गठित की गई थी। पुलिस के अनुसार, रासीसर निवासी श्रीराम मंडा मांडा ने 17 अक्टूबर 2026 को रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उनकी एसएस लॉजिस्टिक नामक फर्म है, जिसमें कई बड़ी गाड़ियां हैं। फर्म के नाम पर टाटा ट्रेलर (आरजे 50 जीए 9254) है, जिसे सुनील बिश्नोई चलाता था। रिपोर्ट के मुताबिक, 30 अगस्त 2026 की रात करीब एक बजे सुनील ट्रेलर को कार्यालय के पास खड़ा कर चला गया। बाद में जांच करने पर ट्रेलर के चार नए टायर और चार नए रिम बदले हुए मिले। आरोप है कि चालक ट्रेलर का तिरपाल, करीब 200 लीटर डीजल तथा पेशगी और ईंटों के किराए से मिले 38 हजार रुपये भी ले गया।
बीएनएस की धारा 306 में दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला नंबर 452/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 306 के तहत जांच शुरू की। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक नरेश कुमार को सौंपी गई थी। पुलिस ने आरोपी सुनील बिश्नोई निवासी 17 केडी, रावला, जिला श्रीगंगानगर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से चोरी के मामले में पूछताछ की जा रही है। पुलिस टीम ने की कार्रवाई करने वाली टीम में सहायक उपनिरीक्षक नरेश कुमार, कांस्टेबल तेजाराम और कांस्टेबल पवन सिंह शामिल थे।