वारदात की फिराक में घूम रहे दो कुख्यात चोर गिरफ्तार

निसं
जयपुर (नवयत्न)। आदर्श नगर थाना पुलिस ने अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए वारदात की फिराक में घूम रहे दो कुख्यात चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार दिन पहले एसएमएस थाना क्षेत्र से चोरी हुई बाइक और एक अवैध धारदार छुरी बरामद की है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। डीसीपी पूर्व रंजिता शर्मा ने बताया कि आदर्श नगर थाना पुलिस ने अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए वारदात की फिराक में घूम रहे सागर सैनी उर्फ मोंटी निवासी गुर्जर की थड़ी, मानसरोवर हाल जवाहर नगर और वासु परसौमा निवासी बजाज नगर हाल गुर्जर की थड़ी मानसरोवर को गिरफ्तार किया है। आरोपित सैनी उर्फ मोंटी के खिलाफ मानसरोवर और रामनगरिया थानों में चोरी व अन्य अपराधों के 10 से अधिक मामले दर्ज हैं और दूसरे आरोपी वासु परसौमा के खोह नागोरियान, मालवीय नगर, ज्योति नगर, बजाज नगर, प्रताप नगर, शिवदासपुरा और महेश नगर थानों में चोरी के 8 से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। दोनों के खिलाफ जयपुर के विभिन्न थानों में चोरी सहित अन्य अपराधों के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी कई मामलों में वारंटी और स्थायी वारंटी भी हैं। पूछताछ में शहर में हुई अन्य चोरी की वारदातों के खुलासे की संभावना है।

You might also like