एपेक्स स्काईलाइन अस्पताल के बाहर हंगामा, ऑपरेशन के बाद विवाहिता की मौत

संजय सोनी 

झुंझुनूं (नवयत्न)। शहर के रोड नंबर 2-3 स्थित एपेक्स स्काई लाइन अस्पताल में ऑपरेशन के बाद 23 वर्षीय विवाहिता की मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल के बाहर परिजनों और समाज के लोगों ने हंगामा कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। आक्रोशित लोग डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई और पूरे मामले की जांच की मांग को लेकर अस्पताल के सामने सड़क पर बैठ गए, जिससे कुछ देर यातायात भी प्रभावित रहा। सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और थानाधिकारी श्रवण कुमार ने परिजनों से समझाइश का प्रयास किया। बाद में डीएसपी गोपाल सिंह ढाका भी मौके पर पहुंचे। परिजनों ने डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज करने की मांग की। देर शम तक सहमति नहीं बन पाई। माकड़ो गांव निवासी मृतका के पति योगेश कुमार ने बताया कि उनकी पत्नी सुख दिव्या को बच्चेदानी के पास गांठ की शिकायत थी। 4 जुलाई को सुबह करीब 10 बजे उसे इलाज के लिए एपेक्स स्काई लाइन अस्पताल में भर्ती कराया गया। जांच के बाद डॉक्टरों ने ऑपरेशन की सलाह दी और अगले दिन सर्जरी करने की बात कही।

 

4 यूनिट ब्लड और 2 पैकेट प्लेटलेट्स चढ़ाए गए, 

 

परिजनों के अनुसार, 5 जुलाई को दोपहर करीब 2 बजे विवाहिता को ऑपरेशन थिएटर में ले जाया गया। करीब डेढ़ घंटे बाद उसे बाहर लाया गया। इसके बाद डॉक्टरों ने लगातार ब्लड और प्लेटलेट्स की जरूरत बताई। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद कुल 4 यूनिट ब्लड और 2 पैकेट प्लेटलेट्स चढ़ाए गए, लेकिन इसके बावजूद मरीज की हालत लगातार बिगड़ती रही।

 

‘ऑपरेशन करने वाली डॉक्टर दोबारा देखने तक नहीं आई’

 

परिजनों ने आरोप लगाया कि ऑपरेशन के बाद डॉक्टर समीता सोनी मरीज को देखने तक नहीं आईं। उनका कहना है कि देर रात करीब 10 बजे अस्पताल ने हालत गंभीर बताते हुए महिला को जयपुर स्थित एपेक्स अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों के मुताबिक, जयपुर पहुंचने के बाद उपचार के दौरान सोमवार सुबह सुख दिव्या की मौत हो गई। मृतका के पति का आरोप है कि जयपुर के डॉक्टर ने ब्लीडिंग नहीं रुकने से मौत का कारण बताया है।

ऑपरेशन के बाद अधिक ब्लीडिंग होने और इलाज में लापरवाही के कारण उनकी पत्नी की जान गई। उनका यह भी कहना है कि अस्पताल ने समय रहते मरीज की बिगड़ती हालत की सही जानकारी परिवार को नहीं दी।

 

अस्पताल के बाहर धरना, सड़क जाम

मौत की सूचना मिलते ही परिजन और समाज के लोग झुंझुनूं स्थित अस्पताल के बाहर एकत्र हो गए। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने अस्पताल के सामने सड़क पर बैठकर विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच, मेडिकल रिकॉर्ड सार्वजनिक करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

 

एफआईआर दर्ज होने तक पोस्टमार्टम से इनकार

 

परिजनों ने स्पष्ट कहा कि जब तक डॉक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं होगी, तब तक शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया जाएगा। इस दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों से कई दौर की वार्ता की, लेकिन खबर लिखे जाने तक कोई समाधान नहीं निकल सका।

 

अस्पताल का पक्ष नहीं आया सामने

 

पत्रकारों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टर से उनका पक्ष जानना चाहा लेकिन उन्होंने कुछ कहने से मना कर दिया। समाचार लिखे जाने तक एपेक्स स्काई लाइन अस्पताल की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

You might also like