नगरीय निकाय चुनाव : 2,821 मतदान केंद्रों के लिए ईवीएम का रेंडमाइजेशन

निसं
जयपुर (नवयत्न)। नगरीय निकाय चुनाव के सफल एवं निष्पक्ष आयोजन के लिए मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में ईवीएम मशीनों का प्रथम एवं द्वितीय रेंडमाइजेशन किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी म्यूनिसिपल जयपुर संदेश नायक के निर्देश पर हुई प्रक्रिया में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जयपुर जिले के 690 वार्डों के कुल 2,821 मतदान केंद्रों के लिए ईवीएम का रेंडमाइजेशन किया गया। इनमें नगर निगम जयपुर के 150 वार्डों के 2,256 मतदान केंद्र, नगर परिषदों के 100 वार्डों के 124 केंद्र और नगरपालिकाओं के 440 वार्डों के 441 केंद्र शामिल हैं। ईवीएम आवंटन के तहत रिजर्व सहित कुल 3,392 बैलेट यूनिट बीयू एवं 3,392 कंट्रोल यूनिट सीयू का प्रावधान किया गया है। रेंडमाइजेशन के बाद ईवीएम की सूची संबंधित राजनीतिक दलों एवं अभ्यर्थियों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गई। इस प्रक्रिया के दौरान कांग्रेस के गणेश सैनी, आरएलपी के भगवान सिंह, भाजपा के नयनमाधानी अग्रवाल, बसपा के एडवोकेट सुशील कुमार सरसरिया और माकपा के मनीष श्योराण सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।

You might also like