दीपावली पर सूने मकान को बनाया निशाना : 3.50 लाख नकदी और लाखों के गहने चोरी

निसं
जयपुर (नवयत्न)। नारायण विहार थाना इलाके में दीपावली पर सूने मकान को निशाना बनाकर बदमाश लाखों रुपए कीमत के सोने-चांदी के गहने और 3.50 लाख रुपए नकद चोरी कर ले गए। स्विफ्ट कार से आए तीन-चार बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। जांच अधिकारी एएसआई राजकुमार ने बताया कि मांग्यावास स्थित ज्योति विहार निवासी अरुण झालानी 34 ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। परिवादी दीपावली के त्योहार पर जयपुर से बाहर रिश्तेदारों के यहां गए हुए थे। इसी दौरान बदमाशों ने उनके सूने मकान को निशाना बनाया। बदमाश मकान के मुख्य गेट के पास से दीवार फांदकर अंदर घुसे। इसके बाद लोहे के सरिए और स्टील की रॉड से हॉल और कमरों के दरवाजों के लॉक तोड़ दिए। अलमारी में रखे सोने-चांदी के गहने, सिक्के और 3.50 लाख रुपए नकद चोरी कर फरार हो गए। परिवादी 11 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे घर लौटे तो चोरी का पता चला। घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर वारदात सामने आई। फुटेज में 8 नवंबर की रात करीब 2:30 बजे स्विफ्ट कार से तीन-चार बदमाश आते दिखाई दिए। चोरी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज किया। अब पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

You might also like