स्कूल में गूंजा वंदेमातरम्, विद्यार्थियों व स्टाफ ने सामूहिक गायन में लिया भाग
निसं
बुगाला (नवयत्न)। देशव्यापी सामूहिक गायन कार्यक्रम नमामि भारतम् के तहत शुक्रवार को बुगाला स्कूल परिसर में राष्ट्रीय गीत वंदेमातरम् का सामूहिक गायन किया गया। राष्ट्रीय गीत वंदेमातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में स्कूल के विद्यार्थियों एवं स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान पूरा विद्यालय परिसर वंदेमातरम् के सामूहिक स्वर से गूंज उठा। विद्यार्थियों ने एक साथ राष्ट्रीय गीत का गायन कर देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह नजर आया। उधर सीनियर सेकेंडरी स्कूल जाखल में भी राष्ट्रीय गीत वन्देमातरम का गायन हुआ। प्रधानाचार्य सुरेन्द्र पारीक ने बताया कि कार्यक्रम में विद्यालय के अलावा टूर्नामेंट में आई हुई छात्राएं, शिक्षक एवं स्टाफ सदस्य शामिल हुए। उन्होंने कहा कि ऐसे सामूहिक आयोजन विद्यार्थियों में देशप्रेम, राष्ट्रीय भावना और एकता की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।