गौशाला में पशु चिकित्सा एवं बांझपन निवारण शिविर का आयोजन, 22 पशुओं का स्वास्थ परिक्षण कर पशुपालकों को दी जानकारी
निसं
खेतड़ी (नवयत्न ) । उपखंड के मेहाड़ा जाटूवास की गोगा जी केशव गौशाला में पशु चिकित्सा एवं बांझपन निवारण शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान पशुपालकों को पशुओं में होने वाली बिमारियों के बारे में जानकारी दी गई। प्रभारी डॉ विकास काला
एसवीओ राजकीय प्रथम श्रेणी पशु चिकित्सालय मार्गदर्शन में पशु चिकित्सा एवं बांझपन निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य गोवंश को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना एवं बांझपन संबंधी समस्याओं का समाधान करना रहा। शिविर में 22 पशुओं का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार एवं आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया। साथ ही मादा पशुओं में बांझपन की जांच एवं उपचार किया गया तथा खुरपका-मुंहपका रोग से बचाव हेतु टीकाकरण भी किया गया। शिविर के दौरान पशुपालकों एवं गोशाला संचालकों को पशुओं के स्वास्थ्य, पोषण एवं रोग नियंत्रण संबंधी आवश्यक जानकारी भी प्रदान की गई। शिविर में पशुपालकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा विभाग की इस पहल की सराहना की। शिविर में डॉ दीपक पालीवाल , देवेन्द्र रावत पशु निरीक्षक , आशीष शर्मा पशु निरीक्षक , सुनील , विजय कुमार , गौशाला अध्यक्ष दिलीप जांगिड , विजेंद्र कोषाध्यक्ष , जगदीश , रणवीर , महेंद्र एवं अन्य ग्रामीण जन उपस्थित थे ।