विद्युत आपूर्ति में सुधार की मांग, पूर्व सांसद ने कलक्टर से की मुलाकात
सादुलपुर,(राजेश राजपूत)31 मई। संपूर्ण तहसील क्षेत्र में पड़ रही भीषण गर्मी के दौरान विद्युत विभाग की ओर से बार-बार की जाने वाली विद्युत कटौती के विरोध में भाजपा नेता पूर्व सांसद रामसिंह कस्वा ने जिला कलक्टर से मिलकर विद्युत आपूर्ति में सुधार की मांग की।
कस्वा ने जिला कलक्टर को अवगत करवाया कि वर्तमान में संपूर्ण जिले का तापमान 50 डिग्री के निकट चल रहा है। ऐसे में विद्युत विभाग की ओर से आठ से दस घंटे तक विद्युत कटौती की जा रही है जिससे आम जनजीवन बेहाल है।
जिस पर जिला कलक्टर संदेश नायक ने विभाग के अधिशासी अभियंता रामकुमार को बुलाकर विद्युत कटौती नहीं करने के निर्देश दिए। जिस पर अभियंता रामकुमार ने कस्वा को आश्वस्त किया कि राजगढ़ क्षेत्र में सुबह दस से शाम पांच बजे तक तथा रात्रि को विद्युत कटौती नहीं की जाएगी। इसके साथ ही भाजपा नेता कस्वा ने जिला कलक्टर को क्षेत्र की पानी की समस्या के बारे में अवगत करवाते हुए बताया कि अनेकों गांवों में पेयजल की विकट समस्या उत्पन्न हो रही है। जिसका शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो जल विद्रोह हो सकता है।
जिस पर जिला कलक्टर ने अगले सप्ताह उपखण्ड स्तर पर अधिकारियों की बैठक लेकर इस पर विस्तृत कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया। कस्वा के साथ ही उपस्थित जिप सदस्य कुलदीप पूनिया ने जिला कलक्टर को नरेगा कार्यो में श्रमिकों को नियोजित करने एवं व्यक्तिगत लाभ के कार्यो की स्वीकृति जारी करने की मांग की। जिस पर जिला कलक्टर ने जिला परिषद के सीईओं को तत्काल कार्रवाई कर श्रमिकों को नियोजित करने के निर्देश दिए।