टॉपर्स के सम्मान में गूंजा ‘विजय उत्सव 

 

निलेश मुद्गल

मंड़ावा/झुंझुनू (नवयत्न ) I मंडावा स्थित सनातन धर्म पंचायत उच्च माध्यमिक विद्यालय में बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान में भव्य ‘विजय उत्सव’ का आयोजन किया गया। यह समारोह केवल सम्मान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पूरे क्षेत्र में शिक्षा और मेधा के उत्सव के रूप में उभरा।
गरिमामयी उपस्थिति से बढ़ी आयोजन की शान – कार्यक्रम की गरिमा उस समय और बढ़ गई जब मुख्य अतिथि समाजसेवी एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता महेश बसावतिया ने अपनी प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई। उनके प्रेरणादायी विचारों ने विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार किया। वहीं, जयपुर से पधारे विशिष्ट अतिथि रौनक पारीक ने छात्रों की उपलब्धियों को भविष्य की बड़ी सफलताओं की नींव बताते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
समारोह में मंडावा के गणमान्य नागरिकों, अभिभावकों, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं की भारी उपस्थिति ने आयोजन को जन-उत्सव का रूप दे दिया। हर ओर तालियों की गूंज, मुस्कान और गर्व का माहौल देखने को मिला।
कक्षा 10वीं में शानदार प्रदर्शन – ईरम (95.67%) ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
हिमांशु ढाका (95%) और तानिया (95%) संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहे।
वहीं वाणिज्य वर्ग में मंडावा टॉपर्स का जलवा रहा –
हर्षित देवड़ा और मानसी मोदी (94.80%) ने मंडावा टॉप कर इतिहास रच दिया।
मोनिका (93.20%) द्वितीय स्थान पर रहीं। दीपक शर्मा एवं यशवी (88.60%) तृतीय स्थान पर रहे।
अन्य उल्लेखनीय प्रदर्शन: जस थालिया (87%), दीपक मोदी (84%) रहा I
विशेष उपलब्धि:
मानसी मोदी ने अंग्रेजी में 100/100 अंक ,
तानिया ने हिंदी में 100/100 अंक प्राप्त कर नया कीर्तिमान स्थापित किया।
सम्मान, सम्मान और सिर्फ सम्मान – कार्यक्रम में मेधावी विद्यार्थियों को माल्यार्पण, साफा पहनाकर एवं मिठाई वितरण के साथ सम्मानित किया गया। पूरे परिसर में उत्साह, उमंग और गर्व का माहौल बना रहा।
ट्रस्टी पवन देवड़ा ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की, जबकि ट्रस्ट अध्यक्ष अतुल चूड़ीवाल ने इन उपलब्धियों को विद्यालय के स्वर्णिम इतिहास का गौरवपूर्ण अध्याय बताया।
अंत में विद्यालय के प्राचार्य ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।

You might also like