गांव में ग्राम सेवा शिविर का आयोजन
सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न) । राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित ग्राम सेवा शिविरों के तहत ग्राम पंचायत लूणास एवं रेडी में आयोजित शिविरों का भाजपा नेता राकेश जांगिड तथा उपखण्ड अधिकारी प्रियंका कड़ेला ने अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर आमजन को उपलब्ध करवाई जा रही सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी ली।
शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित मौजूद अधिकारियों संग चर्चा की।
आमजन को राज्य एवं केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
शिविर के दौरान पात्र लाभार्थियों को भूमि पट्टे, खाता विभाजन आदेश, मंगलम पशु बीमा योजना के स्वीकृति पत्र, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, मूल निवास प्रमाण पत्र सहित विभिन्न प्रमाण पत्र एवं स्वीकृतियां वितरित की गईं। लाभार्थियों ने शिविर के माध्यम से एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाएं प्राप्त होने पर राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर भाजपा नेता राकेश जांगिड ने कहा कि राज्य सरकार गांव, गरीब, किसान एवं आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ उनके घर के निकट उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। ग्राम सेवा शिविर ग्रामीण क्षेत्र के लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं योजनाओं की प्रभावी क्रियान्विति का सशक्त माध्यम बन रहे हैं।
शिविर में अजीतसिंह राठौड़,नरेश सहारण,तहसीलदार हनुमान सिंह,बीडीओ छगन लाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।