स्मार्ट मीटर लगाने का ग्रामीणों ने किया विरोध

नवरतन वर्मा

रतनगढ (नवयत्न ) । तहसील के ग्राम बीरमसर में आज गुरूवार को स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची ठेकेदार कंपनी के प्रतिनिधियों को ग्रामीणों के विरोध के चलते बिना काम किए ही लौटना पड़ा। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव के आंगनबाड़ी केंद्र में जबरन स्मार्ट मीटर लगाने का प्रयास किया गया जिसकी सूचना मिलने पर किसान सभा के प्रतिनिधि पहुंचे। अखिल भारतीय किसान सभा जिला कमेटी के उपाध्यक्ष मदन जाखड़ ने बताया कि संगठन शुरू से ही स्मार्ट मीटर के विरोध में है। इस संबंध में जिले की विभिन्न तहसीलों में धरने-प्रदर्शन आयोजित किए गए हैं तथा एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंपे जा चुके हैं।ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पहले से डिजिटल मीटर लगे हुए हैं, जो सही स्थिति में कार्य कर रहे हैं। इसके बावजूद स्मार्ट मीटर लगाने की आवश्यकता पर सवाल उठाए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर वर्तमान मीटरों की तुलना में 13 से 67 प्रतिशत तक अधिक यूनिट दर्शाते हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा। किसान सभा के जिला उपाध्यक्ष ने कहा कि आंगनवाड़ी ओर अन्य सरकारी संस्थाओं में बिजली बिल का भुगतान सरकार द्वारा अक्सर देरी से किया जाता है, जिससे वहां के कार्मिकों को एक बार अपनी जेब से भुगतान करना पड़ता है। ऐसे में स्मार्ट मीटर लागू होने से उनकी आर्थिक परेशानियां और बढ़ सकती हैं। गांव के युवाओं और ग्रामीणों ने सामूहिक बैठक कर निर्णय लिया कि बीरमसर में किसी भी स्थान पर स्मार्ट मीटर नहीं लगाए जाने दिए जाएंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से रोका जाए तथा इस विषय पर आमजन की चिंताओं को ध्यान में रखते हुए पुनर्विचार किया जाए।

You might also like