हाईवे पर लूट-डकैती करने वाला 10 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार
डी. के. सैनी
जयपुर (नवयत्न) । जयपुर-आगरा हाईवे पर लिफ्ट देने के बहाने यात्रियों से लूट और डकैती करने वाले गिरोह के एक 10 हजार रुपए के इनामी बदमाश को बस्सी थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और बस्सी थाने में दर्ज लूट व डकैती के दो मामलों में वांछित था।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा ने बताया कि
बस्सी थाना पुलिस ने जयपुर-आगरा हाईवे पर लिफ्ट देने के बहाने यात्रियों से लूट और डकैती करने वाले गिरोह के एक 10 हजार रुपए के इनामी बदमाश तनूज गुर्जर (19) निवासी ग्राम रामसर तूंगा जयपुर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ट्रांसपोर्ट नगर और पुरानी चुंगी आगरा रोड क्षेत्र में बस का इंतजार कर रहे यात्रियों को किराए की कार में लिफ्ट देने का झांसा देते थे। इसके बाद उन्हें सुनसान स्थान पर ले जाकर मारपीट कर मोबाइल, नकदी, चेन सहित कीमती सामान लूट लेते थे। आरोपी पीड़ितों से फोन-पे का पासवर्ड पूछकर रकम ऑनलाइन गेमिंग अकाउंट में ट्रांसफर कर फरार हो जाते थे।
थानाधिकारी धर्मेन्द्र कुमार शर्मा ने बताया कि डकैती की घटना के खुलासे के लिए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंह के सुपरविजन तथा सहायक पुलिस आयुक्त बस्सी लक्ष्मी सुथार के निर्देशन में टीम गठित की गई। टीम में उपनिरीक्षक सुरेन्द्र कुमार, कांस्टेबल राजेन्द्र , रामराज , मुकुट बिहारी तथा जयराम शामिल थे।
थानाधिकारी धर्मेन्द्र कुमार शर्मा ने बताया कि 18 अगस्त 2025 को धामस्या ढाणी निवासी उमराव सिंह गुर्जर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह ट्रांसपोर्ट नगर से अपने घर जाने के लिए खड़ा था। इसी दौरान एक स्विफ्ट कार चालक ने उसे बासखो स्टेशन तक छोड़ने की बात कहकर कार में बैठा लिया। रास्ते में कार में अन्य लोगों को भी बैठाया गया और बाद में बहाने से कार को बेनाड़ा गांव की ओर मोड़कर कल्पना नगर ले जाया गया। वहां आरोपियों ने लकड़ी के डंडों से मारपीट कर उससे 20 हजार रुपए नकद, सोने की चैन, मोबाइल फोन और बैग छीन लिया। आरोपियों ने फोन-पे के जरिए उसके खाते से एक हजार रुपए भी ट्रांसफर कर लिए। इस संबंध में बस्सी थाने में विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने लगातार निगरानी रखते हुए बीटीएस, सीडीआर विश्लेषण और करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस ने पूर्व में इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था तथा वारदात में प्रयुक्त वाहन आरजे-60-सीसी-2126 और आरजे-18-सीई-7364 को जब्त किया जा चुका है।