बेटी की शादी के 15 लाख चोरी करने वाला इनामी बदमाश गिरफ्तार

निसं
जयपुर (नवयत्न)। माणक चौक थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब तीन माह से फरार चल रहे 10 हजार रुपए के इनामी नकबजन को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई राशि में से 12 लाख रुपए नकद तथा चोरी के रुपयों से खरीदी गई रॉयल एनफील्ड बुलेट बरामद कर ली है। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर करण शर्मा ने बताया कि माणक चौक थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब तीन माह से फरार चल रहे 10 हजार रुपए के इनामी नकबजन हसेन अली उर्फ खरखरी निवासी हरिश्चंद्रपुर, मालदा को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी जयपुर में कबाड़ बीनने के बहाने आवासीय इलाकों की रेकी करता था। वारदात वाले दिन भी वह लोहे का सामान चोरी करने की नीयत से मकान में घुसा था लेकिन नकदी मिलने पर रकम लेकर अपने गृह राज्य फरार हो गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

अधिकारियों का कहना है कि उससे अन्य नकबजनी की वारदातों का भी खुलासा होने की संभावना है। थानाधिकारी राकेश ख्यालिया ने बताया कि 24 अप्रैल को चौड़ा रास्ता स्थित दीवान भागचंद की गली में सूने मकान में चोर ने बाथरूम के एग्जॉस्ट फैन की जाली तोडक़र प्रवेश किया और अलमारी में बेटी की शादी के लिए रखे 15 लाख रुपए नकद चोरी कर फरार हो गया। इस संबंध में 9 मई को माणक चौक थाने में मामला दर्ज कराया गया था। जिस पर पुलिस के आलाधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम गठित की गई।

जहां टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में दबिश देकर आरोपी हसेन अली उर्फ खरखरी को धर-दबोचा। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक नरेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल हरदयाल सिंह तथा कांस्टेबल गिरधर सिंह, विक्रम सिंह और मंजीत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

You might also like