कॉल रिकॉर्डिंग वायरल करने की धमकी देकर महिला ने ठगे 20 हजार

निसं
जयपुर (नवयत्न) । राजधानी जयपुर में एक व्यक्ति को निजी बातचीत की कॉल रिकॉर्डिंग वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। एक महिला ने शादी के बहाने बातचीत शुरू कर पीड़ित की निजी कॉल रिकॉर्ड कर ली और उसे वायरल करने व झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर 20 हजार रुपए ऐंठ लिए। अब महिला की ओर से दोबारा एक लाख रुपए की मांग किए जाने पर पीड़ित ने पुलिस में मामला दर्ज कराया है।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार मामला वर्ष 2025 का है। पीड़ित की मुलाकात बारिश के दौरान एक दुकान के बाहर आरोपी महिला से हुई थी। बातचीत में महिला ने खुद को तलाकशुदा बताते हुए शादी के लिए अच्छे जीवनसाथी की तलाश की बात कही। उसने पीड़ित से भी कोई अच्छा रिश्ता होने पर बताने को कहा। इसके बाद दोनों के बीच फोन पर बातचीत शुरू हो गई।
पीड़ित का आरोप है कि बातचीत के दौरान महिला ने धीरे-धीरे उसके परिवार, दोस्तों और परिचितों के बारे में जानकारी जुटा ली। इसके बाद योजना के तहत उनकी निजी बातचीत की कॉल रिकॉर्डिंग करना शुरू कर दी।
पीड़ित के अनुसार, अगस्त 2025 में महिला ने उसे कॉल कर रिकॉर्डिंग होने की जानकारी दी और उसे परिजनों व परिचितों के बीच वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी। महिला ने रिकॉर्डिंग डिलीट करने के बदले एक लाख रुपए की मांग की। काफी समझाइश के बाद सौदा 20 हजार रुपए में तय हुआ, जिसे पीड़ित ने ऑनलाइन पेमेंट ऐप के माध्यम से महिला को भेज दिया।
रुपए लेने के बाद महिला ने रिकॉर्डिंग डिलीट करने का दावा किया, लेकिन कुछ समय बाद उसने फिर से पीड़ित को परेशान करना शुरू कर दिया।
पीड़ित का आरोप है कि महिला दोबारा कॉल कर पैसों की मांग करने लगी। पैसे नहीं देने पर रिकॉर्डिंग को आधार बनाकर झूठे मुकदमे में फंसाने और बदनाम करने की धमकी दी गई। लगातार मानसिक परेशानी से तंग आकर पीड़ित ने पुलिस की शरण ली और आरोपी महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस कॉल डिटेल, ऑनलाइन लेन-देन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

You might also like