मूसलाधार बारिश से दुकानों, मंदिरों और शहर में जलभराव, कई इलाकों में सड़कें बनीं दरिया

महेंद्र खडोलिया
श्रीमाधोपुर (नवयत्न) । शहर में गुरूवार रात पौने दस बजे से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला शुक्रवार सुबह 10 बजे तक भी जारी रहा। सुबह पौने 8 बजे से दस बजे तक 2 घंटे की मूसलाधार बारिश से शहर तरबतर हो गया। हांसपुर आंगनबाड़ी केंद्र के पास बरगद के पेड़ के निचे बने शिव मंदिर में शिव पंचायत की मूर्तियां पानी में डूब गई जिससे शिव भक्तों में रोस है । विशाल सैनी ने बताया कि कई बार पहले भी प्रशासन को अवगत कराया गया था पर आज तक कोई समाधान नहीं हुआ और शुक्रवार सुबह 8 बजे आई मूसलाधार बारिश से पूरा चौक पानी से भर गया व भरभरा कर पड़ोसी शंभू दयाल सैनी के घर की दीवार तोड़कर वहां गड्ढा हो गया तथा मकान गिरने की संभावना हो गई उन्होंने बताया कि प्रशासन अभी भी नहीं चेता तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। सैनी ने बताया कि बरसात का गंदा पानी मंदिर परिसर में शिव पंचायत की मूर्तियां मैं भर गया जिससे गंदे पानी को बाल्टीयों की सहायता से बाहर निकाला और मंदिर परिसर को साफ किया । तहसील परिसर में स्थित वर्षा मापी यंत्र में गुरूवार रात को 8 एमएम और शुक्रवार सुबह 53 एमएम बारिश दर्ज की गई। यानि की कुल 61 एमएम बारिश हुई, जो इस मानूसन सीजन की पहली सर्वाधिक बारिश है। बारिश ने शहर की व्यवस्था को अस्त-व्यस्त कर दिया। शहर के निचले इलाकों में जलभराव से लोगों का आवागमन प्रभावित हुआ। पुराने बस स्टैंड की दुकानों में पानी घुस गया। एमजी कॉलेज मार्ग पर पानी भर जाने से छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ा। खटोड़ा बाजार, स्वामी मोहल्ला के पास, खंडेला बाजार बारिश बहाव क्षेत्र, चोटिया मोहल्ला और गोशाला रोड पर सड़कें दरिया में तब्दील हो गईं। खंडेला बाजार में तेज बहाव के कारण वाहन चालकों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। हालांकि, बारिश ने लोगों को उमस और गर्मी से राहत दी।


सीवरेज के गड्‌ढों ने बढ़ाई परेशानी शहर में चल रहे सीवरेज कार्य के कारण हुए गड्‌ढों ने भी लोगो को परेशानी बढ़ाई। शहर के जीडीएमएल पटवारी गर्ल्स कॉलेज के सामने मुख्य सड़क पर पांच से छह फीट गहरा गड्‌ढा हो गया। एक दिन पहले ही यहां जलदाय विभाग की ओर से राइजिंग पाइप लाइन डाली गई थी लेकिन मिट्‌टी का भराव सही नही होने से बारिश से गहरा गड्‌ढा हो गया। ग्रामीण इलाकों में भी भारी बारिश हुई है। हांसपुर गांव के शिवालय में बारिश का पानी घुस गया। तेज बारिश से शिवालय की भगवान शिव पंचायत की मूर्तियां जलमग्न हो गई।

You might also like