ईओ प्रियंका के आते ही सुल्ताना नगर पालिका में तेज हुआ काम, लंबित आवेदनों के निस्तारण पर जोर
अशोक राईका
झुंझुनूं (नवयत्न)। राज्य सरकार के शहरी सेवा शिविर फॉलोअप अभियान के तहत सुल्ताना नगर पालिका में आमजन से जुड़े लंबित कार्यों के निस्तारण में तेजी आई है। अधिशासी अधिकारी प्रियंका बुडानिया के कार्यभार संभालने के बाद नगर पालिका प्रशासन की ओर से शिविरों में प्राप्त आवेदनों पर प्राथमिकता से कार्रवाई की जा रही है। ईओ प्रियंका बुडानिया की अगुवाई में नगर पालिका की टीम विभिन्न सेवाओं से संबंधित आवेदनों का निस्तारण कर रही है। अभियान का उद्देश्य आमजन को नगर पालिका से जुड़ी सेवाओं एवं सरकारी योजनाओं का लाभ सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध करवाना है। इसी क्रम में दीपेश रेस्टोरेंट के संचालक दीपेश सिंह को अग्निशमन अनापत्ति प्रमाण पत्र (फायर एनओसी) जारी किया गया। नगर पालिका की कनिष्ठ अभियंता रश्मि लांबा ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद एनओसी आवेदक को सौंपा।
वार्डों की शिकायतों के समाधान पर भी फोकस
अधिशासी अधिकारी प्रियंका बुडानिया ने बताया कि शहरी सेवा शिविर फॉलोअप अभियान के तहत प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जा रहा है। साथ ही वार्डों से जुड़ी शिकायतों को चिन्हित कर उनके समाधान की कार्रवाई भी की जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप आमजन को सरकारी सेवाओं का लाभ समय पर उपलब्ध करवाना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना नगर पालिका की प्राथमिकता है। अभियान के माध्यम से लोगों को छोटे-बड़े कार्यों के लिए बार-बार नगर पालिका कार्यालय के चक्कर लगाने से राहत देने का प्रयास किया जा रहा है।