धारदार खंजर से युवक की निर्मम हत्या
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । सुजला चौराहे पर गुरुवार रात्रि युवक की हुई निर्मम हत्या मामले ने शुक्रवार सुबह तूल पकड़ लिया। घटना के बाद मृतक के समाज के लोग राजकीय चिकित्सालय की मोर्चरी के बाहर धरने पर बैठ गए और शव को लेने से इंकार कर दिया।
मौके पर रक्त रंजित खंजर व स्कूटी बरामद:
मृतक के चाचा लाल मोहम्मद के अनुसार गुरुवार रात्रि करीब 9 बजे सरफराज खींची पुत्र उमरदीन खींची निवासी चांद नगर सुजानगढ़ अपने दोस्त के बुलावे पर जसवंतगढ़ में दावत पर गया हुआ था उसके बाद खाना खाकर वापस लौटते समय सुजला तिराहे पर अरबाज और उसके दोस्तों ने उसकी स्कूटी के आगे बाइक लगाकर रोक लिया और खंजर नुमा चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हमला कर दिया जिससे मौके पर ही सरफराज की मौत हो गई। यह हत्या सुनियोजित तरीके से की गई । सूचना मिलने के बाद जसवंतगढ़ पुलिस की टीम मौके पर पहुंची जहां एक रक्त रंजीत खंजर नुमा चाकू और एक स्कूटी बरामद की है। घटना के बाद मृतक का शव लाडनूं के राजकीय चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया जिसका पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने तक शव लेने से इंकार कर दिया।
लड़की की सगाई को लेकर चल रहा था विवाद:
पुलिस अधिकारियों को घटना से जुड़े कुछ इनपुट प्राप्त हुए है जिसमें एक लड़की से सगाई करने की बात को लेकर अरबाज और सरफराज के बीच अनबन होने की बात सामने आई है। इस बात को लेकर पूर्व में भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। पुलिस ने मामले में फिलहाल तीन संदिग्ध युवकों को सुजानगढ़ क्षेत्र से डिटेन कर लिया है, जिनसे गहन पूछताछ की जा रही है।