बाबा खेड़ावाला के नए हॉल की नींव रखी, सामाजिक सरोकार में भागीदारी निभाने का आह्वान
निसं
खेतड़ी (नवयत्न) । उपखंड के गांव नालपुर स्थित बाबा खेड़ावाला मंदिर परिसर में शुक्रवार को नए हॉल के निर्माण हेतु विधि, वत नींव रखी गई। इस शुभ अवसर पर गांव के गणमान्य व्यक्तियों एवं श्रद्धालुओं की उपस्थिति में पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य की शुरुआत की गई। पंडित सुनील पुजारी के सानिध्य में विधिवत पूजन कर नवनिर्मित हाल की नींव रखी गई। इस हॉल का निर्माण भामाशाह रामकुमार सेठ, पुरुषोत्तम लाल के द्वारा करवाया जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि इस नए हॉल के निर्माण से मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को बैठने एवं धार्मिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा मिल सकेगी। यह हॉल सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगा। नींव रखने के दौरान पूरे वातावरण में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। कार्यक्रम में पंडित सुनील पुजारी ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक कार्यक्रमों को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को आगे आकर सहयोग करना चाहिए। ग्रामीणों के सहयोग से यह निर्माण करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म में देवी देवताओं को महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है। मनुष्य को नियमित रूप से पूजा पाठ कर धार्मिक आयोजनों में भाग लेना चाहिए। इसके अलावा सामाजिक कार्यों में भागीदारी निभाते हुए जीव जंतुओं की सेवा के लिए भी तत्पर रहना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान सभी ने मिलकर प्रसाद ग्रहण किया और निर्माण कार्य के सफल एवं शीघ्र पूर्ण होने की कामना की। इस मौके पर अध्यक्ष दूलीचंद, कोषाध्यक्ष रामस्वरूप मास्टर, मनीराम बंसल, महेंद्र बंसल, राजू स्वामी, बिल्लू सेठ, सुनील पुजारी, महेंद्र पंडित, शेर सिंह ठेकेदार, विजय सिंह, संदीप, अनिल, दाताराम, कैप्टन धर्मपाल, बंटी, सज्जन, मोहनलाल, दलीप सहित अनेक ग्रामीण मौजूद थे।