मिला युवती का शव: परिजनों ने प्रेमी पर लगाया सुसाइड के लिए उकसाने का आरोप

निसं 

जयपुर (नवयत्न)। नाहरगढ़ थाना इलाके में स्थित तालकटोरा तालाब में रविवार दोपहर एक 25 वर्षीय युवती का शव तैरता मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद शव को पानी से बाहर निकाला। मृतका की पहचान नाहरगढ़ रोड स्थित गणगौरी बाजार निवासी कशिश कंवर पुत्री बचपन सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को सवाई मानसिंह अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है।

नाहरगढ़ थानाधिकारी भंवर सिंह के बताए अनुसार, कशिश 28 अगस्त की रात बिना बताए घर से निकल गई थी। परिजन अपने स्तर पर उसकी खोजबीन कर रहे थे और शनिवार देर रात करीब साढ़े 12 बजे उन्होंने नाहरगढ़ थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना भी दी थी। रविवार दोपहर करीब 12 बजे तालकटोरा में युवती का शव पानी में तैरता मिला।

घटना के संबंध में परिजनों ने नाहरगढ़ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। परिजनों का आरोप है कि कशिश का पिछले तीन वर्षों से नाहरगढ़ रोड निवासी रवि जड़ेजा के साथ अफेयर चल रहा था। मामले की जानकारी होने पर पूर्व में रवि और उसके परिवार से समझाइश कर कशिश से दूर रहने की हिदायत दी गई थी। परिजनों का दावा है कि रवि के उकसाने के कारण ही कशिश ने यह खौफनाक कदम उठाया और तालाब में छलांग लगा दी।

पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।

You might also like