10.8 किलो हाथी दांत बरामद, डीआरआई की बड़ी कार्रवाई में चार तस्कर गिरफ्तार

नवरतन वर्मा
चूरू (नवयत्न) । चूरू जिले के सुजानगढ़ में वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) की अहमदाबाद जोनल यूनिट ने चार तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 किलो 800 ग्राम वजनी हाथी दांत के छह टुकड़े बरामद किए हैं। बरामद हाथी दांत की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान दो कार और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
क्षेत्रीय वन अधिकारी ओकेश यादव ने बताया कि डीआरआई टीम ने गौपालपुरा रोड पर कार्रवाई करते हुए हाथी दांत बरामद किया। कार्रवाई के बाद डीआरआई ने वन विभाग को सूचना दी, जिस पर वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बरामद हाथी दांत को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की।
वन विभाग के अनुसार आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 के तहत मामला दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जांच में गिरफ्तार चार आरोपियों में दो बीदासर, एक तारानगर और एक कोटपूतली का निवासी बताया गया है।
अधिकारियों के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए हाथी दांत की तस्करी से जुड़े संभावित नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद हाथी दांत कहां से लाया गया था और इसे किस स्थान पर सप्लाई किया जाना था। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

You might also like