खेत में बनी डिग्गी में फिसलने से 15 वर्षीय किशोरी की डूबने से मौत
ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न) । कस्बे में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में खेत में बनी पानी की डिग्गी में डूबने से 15 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार वार्ड संख्या 2, आथूना बास निवासी दौलतराम नाई की 15 वर्षीय पुत्री कुमारी गौरा राजलदेसर-आलसर बास कच्चे मार्ग स्थित अपने खेत में बनी पानी की डिग्गी से पानी लेने गई थी। इसी दौरान उसका पैर अचानक फिसल गया, जिससे वह डिग्गी में जा गिरी और गहरे पानी में डूब गई। घटना के समय उसके पिता दौलतराम खेत में कृषि कार्य कर रहे थे। काफी देर तक बेटी के नजर नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान किशोरी के डिग्गी में गिरने की जानकारी मिलने पर तत्काल उसे बाहर निकाला गया और पुलिस को सूचना दी गई। ग्रामीणों की सहायता से किशोरी को राजकीय चिकित्सालय, राजलदेसर की मोर्चरी पहुंचाया गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए मृतका के पिता दौलतराम की रिपोर्ट के आधार पर मर्ग दर्ज कर जांच शुरू की।पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी करवाने के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया।