खेतड़ी में नामांकन के तीसरे दिन 73 प्रत्याशियों ने भरे पर्चे, अब तक 118 नामांकन
निसं
खेतड़ी (नवयत्न)। पंचायत राज चुनाव को लेकर खेतड़ी पंचायत समिति क्षेत्र में चुनावी हलचल तेज हो गई है। पंचायत समिति सदस्य पद के लिए मंगलवार को नामांकन के तीसरे दिन 73 प्रत्याशियों ने पर्चे दाखिल किए। इसके साथ ही अब तक कुल 118 नामांकन जमा हो चुके हैं। नामांकन के पहले दिन वार्ड 12 से बाबूलाल और वार्ड 10 से रूबी ने पर्चा दाखिल किया था। सोमवार को 43 नामांकन जमा हुए थे। मंगलवार को बड़ी संख्या में प्रत्याशियों के नामांकन दाखिल करने से चुनावी माहौल और गरमा गया है। रिटर्निंग अधिकारी सुनील कुमार चौहान ने बताया कि पंचायत समिति सदस्य पद के लिए अब तक 118 नामांकन प्राप्त हुए हैं। बुधवार 4 नवंबर को नामांकन जमा करवाने का अंतिम दिन है। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच होगी और नियमानुसार चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। पंचायत राज चुनाव के चौथे चरण में 14 नवंबर को मतदान होगा। प्रशासन की ओर से चुनाव प्रक्रिया को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।