केसीसी प्रोजेक्ट में अधिकारियों और कर्मचारियों ने ली नशा मुक्ति की शपथ
विपुल पारीक
खेतड़ी नगर (नवयत्न)। केसीसी प्रोजेक्ट के प्रशासन भवन में मंगलवार को नशा मुक्त भारत अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें अधिकारियों और कर्मचारियों ने नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने की शपथ ली। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केसीसी महाप्रबंधक (सांद्रण) वीके इंद्रा थे। उन्होंने कहा कि समाज में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति चिंता का विषय है। नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के साथ उसके परिवार और सामाजिक जीवन पर भी बुरा असर डालता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज के हर वर्ग को इसके प्रति जागरूक करने की अपील की। इंद्रा ने बेहतर स्वास्थ्य के लिए संतुलित और पौष्टिक भोजन को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि शरीर को स्वस्थ रखने के लिए रसोई में पौष्टिक और प्राकृतिक खाद्य पदार्थों को प्राथमिकता देनी चाहिए। डॉ. दीपिका खुराना और डॉ. प्रमोद ने बच्चों और युवाओं के खान-पान, स्वास्थ्य और दिनचर्या के बारे में जानकारी दी। उन्होंने नशे से होने वाले शारीरिक और सामाजिक नुकसान बताए। वहीं मोनिका ने नशा मुक्त भारत अभियान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में केसीएमएस महामंत्री श्यामलाल सैनी, उपमहाप्रबंधक मानव संसाधन विपिन शर्मा, जयंत मुखोपाध्याय, कमलेश कुमार और मोहम्मद उस्मान मौजूद रहे। इस दौरान देवेंद्र वर्मा, राजेश डांढेल, इंद्रा कुमार, हरिचरण सिंह, हसरत हुसैन, डॉ. रेणु खेदड़, पार्वती, सुधा शर्मा, लक्ष्मी, अनूप सिंह, शेरसिंह निर्वाण और नरेश कुमार सहित अधिकारियों व कर्मचारियों ने नशा मुक्ति की शपथ ली।