तेज आंधी से 2496 वर्गमीटर का पॉलीहाउस पूरी तरह क्षतिग्रस्त
निसं
बुगाला (नवयत्न)। सोमवार को आई तेज आंधी ने सौंथली के किसान विजेंद्र खरिंटा पुत्र सुरेंद्र खरिंटा के 2496 वर्गमीटर में बने पॉलीहाउस को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। तेज हवाओं के कारण पॉलीहाउस की पॉली शीट कई स्थानों से फट गई, जिससे अंदर लगी फसल भी बुरी तरह प्रभावित हो गई। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार किसान को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
किसान विजेंद्र सिंह ने बताया कि पॉलीहाउस तैयार करने में लाखों रुपये का निवेश करने के साथ-साथ कई महीनों की कड़ी मेहनत लगी थी, लेकिन कुछ ही मिनटों की आंधी ने सारी मेहनत पर पानी फेर दिया। पॉलीहाउस क्षतिग्रस्त होने से अब खेती दोबारा शुरू करना उनके लिए बड़ी चुनौती बन गया है। उन्होंने प्रशासन और संबंधित बीमा कंपनी से मांग की है कि जल्द से जल्द मौके का सर्वे कराया जाए तथा हुए नुकसान का उचित आकलन कर मुआवजा और बीमा क्लेम दिया जाए, ताकि वे फिर से अपनी खेती शुरू कर सकें।