ट्रेन से गिरने से 35 वर्षीय युवक की मौत
ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न)। कस्बे में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में चलती ट्रेन से गिरने के कारण 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही राजलदेसर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाने शुरू किए। प्राप्त जानकारी के अनुसार बीकानेर-दिल्ली सराय रोहिल्ला एक्सप्रेस से एक युवक के गिरने की सूचना पुलिस को मिली।
सूचना के आधार पर पुलिस परसनेऊ की ओर रेलवे लाइन पर पोल संख्या 343/11 के पास पहुंची, जहां एक युवक का शव पड़ा मिला। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्रित किए तथा पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। जांच के दौरान मृतक की पहचान कमल कुमार पुत्र रामस्वरूप कोली निवासी नंद नगरी, दिल्ली के रूप में हुई। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को राजकीय चिकित्सालय, राजलदेसर की मोर्चरी में रखवाया।
प्रारंभिक जांच में मामला ट्रेन से गिरने का प्रतीत हो रहा है हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि युवक दुर्घटनावश गिरा या घटना के पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।