हरियालो राजस्थान अभियान के तहत तहसील कार्यालय परिसर में लगाए गए 51 पौधे, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न )  ।  राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी हरियालो राजस्थान अभियान के तहत बुधवार को राजलदेसर तहसील कार्यालय परिसर में व्यापक पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन तहसीलदार प्यारेलाल चावला के सानिध्य में हुआ, जिसमें कर्मचारियों एवं उपस्थित जनों ने मिलकर परिसर में 51 छायादार एवं फलदार पौधे लगाए। इस अवसर पर तहसीलदार प्यारेलाल चावला ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। बढ़ते तापमान, जलवायु परिवर्तन एवं घटते हरित क्षेत्र को देखते हुए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अधिक से अधिक पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण का भी संकल्प ले। उन्होंने कहा कि एक पौधा केवल पेड़ नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, शुद्ध वातावरण और बेहतर भविष्य का आधार है।
उन्होंने उपस्थितजनों एवं कर्मचारियों से पौधरोपण को केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रखने, बल्कि लगाए गए प्रत्येक पौधे की नियमित देखभाल कर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण सुनिश्चित करे तो कस्बे को हराभरा बनाने का लक्ष्य आसानी से प्राप्त किया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए तथा सभी ने पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और हरित राजस्थान के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। उपस्थित जनों ने अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा अधिक से अधिक लोगों को पौधरोपण के लिए प्रेरित करने का भी आह्वान किया। इस अवसर पर कानूनों हुक्मराम , सुरेंद्र सिंह , रामदेव , पटवारी गोपाल , ज्योति , विनोद भार्गव , शीशराम कस्वा , एडवोकेट रोहित मारू परमानंद भामू , मोहन सिंह नरेंद्र सिंह अनुज सहित अन्य तहसील कार्यालय के स्टाफ मौजूद रहे ।

You might also like