ब्लॉक कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, ज्ञापन सौंपा

अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र संगठनों द्वारा किए गए प्रदर्शन और उसके बाद उत्पन्न घटनाक्रम के विरोध में बुधवार को लाडनूं में भी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जयराम बुरड़क के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया गया। कार्यकर्ताओं ने उपखंड कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन उपखंड अधिकारी (एसडीएम) को सौंपा। ज्ञापन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ दुर्व्यवहार किया गया तथा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ भी केंद्र सरकार द्वारा अनुचित व्यवहार किया गया। कांग्रेस नेताओं ने इन घटनाओं की कड़ी निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत बताया।
ज्ञापन के माध्यम से राष्ट्रपति से मांग की गई कि पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा छात्रों के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार के लिए जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री एवं केंद्रीय गृह मंत्री को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग भी उठाई गई।
इस दौरान मुकेश खींची, अयूब खान मोयल, पूसे खान, यज्ञ दत्त दायमा, नदीम बल्खी, प्रशासक बेगाराम पूनिया, मुमताज खान, रमजान भुट्टा सहित ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।

You might also like