अज्ञात वाहन की टक्कर से 55 वर्षीय व्यक्ति की दर्दनाक मौत, पुलिस ने शुरू की जांच
ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न) । राजलदेसर क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा राजलदेसर से करीब 13 किलोमीटर दूर थामड़ा जोहड़ा-परसनेऊ मार्ग पर हुआ, जहां खेत से घर लौट रहे एक व्यक्ति को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार परसनेऊ निवासी 55 वर्षीय मोटाराम पुत्र सोहनलाल मेघवाल रविवार रात करीब 10 बजे खेत से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान थामड़ा जोहड़ा के पास किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही राजलदेसर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर राजकीय चिकित्सालय राजलदेसर की मोर्चरी में रखवाया।
सोमवार सुबह मृतक के भतीजे मुकेश कुमार ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाया और बाद में शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया।
फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन एवं उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, साथ ही अन्य संभावित साक्ष्यों के आधार पर आरोपी वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी वाहन चालक का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा।