रेलमंत्री के सामने शेखावाटी की 9 मांगें, अनदेखी हुई तो आंदोलन
संजय सोनी
झुंझुनूं (नवयत्न)। शेखावाटी रेल विकास संघर्ष समिति ने क्षेत्र की रेल सुविधाओं में सुधार को लेकर रेलमंत्री और रेलवे अधिकारियों के सामने नौ प्रमुख मांगें रखी हैं। समिति अध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल ने वर्षों पुरानी समस्याओं और बढ़ती यात्री संख्या का हवाला देते हुए अतिरिक्त कोच लगाने, नए स्टेशनों पर ठहराव देने और नई रेल सेवाएं शुरू करने की मांग की है। समिति ने मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। समिति ने जयपुर-दिल्ली
कैंट-जयपुर सैनिक एक्सप्रेस में खाटू श्यामजी जाने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए दो स्लीपर, दो थर्ड एसी और एक सेकंड एसी कोच स्थायी रूप से बढ़ाने की मांग की है। ट्रेन का विस्तार दिल्ली जंक्शन तक करने और नूआं स्टेशन पर स्थायी ठहराव शुरू करने की मांग भी की गई है। हिसार-खडक़ी सुपरफास्ट एक्सप्रेस में एक फर्स्ट एसी, दो थर्ड एसी, एक सेकंड एसी और एक स्लीपर कोच बढ़ाने, चिंचवड़ स्टेशन पर ठहराव देने तथा ट्रेन को सप्ताह में दो दिन चलाने की मांग रखी गई है।
दूरंतो में कोच बढ़ाने और नए ठहराव की मांग
मुंबई सेंट्रल-हिसार दूरंतो एक्सप्रेस में छह स्लीपर कोच जोडऩे तथा सूरत और बोरीवली स्टेशन पर स्थायी ठहराव देने की मांग की गई है। वहीं हनुमानगढ़-जयपुर एक्सप्रेस में पांच सामान्य श्रेणी, एक स्लीपर और चार थर्ड एसी कोच बढ़ाने की मांग भी रखी गई। समिति ने लोहारू जंक्शन से जयपुर और जयपुर से लोहारू के बीच अलग-अलग समय पर फास्ट पैसेंजर ट्रेनों का स्थायी संचालन करने की मांग की है।
तीन नई रेल सेवाएं शुरू करने की मांग
मांग-पत्र में जोधपुर से दिल्ली वाया फुलेरा-रींगस-सीकर-झुंझुनूं-लोहारू प्रतिदिन नई रेल सेवा, जयपुर से हरिद्वार वाया सीकर-झुंझुनूं-लोहारू-दिल्ली नई रेल सेवा तथा सीकर से दिल्ली वाया झुंझुनूं-लोहारू प्रात:कालीन नई रेल सेवा शुरू करने की मांग भी शामिल है। समिति अध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल ने कहा कि मांगें पूरी होने से शेखावाटी के लाखों रेल यात्रियों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और धार्मिक यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार की मांग लंबे समय से की जा रही है। यदि मांगों की अनदेखी जारी रही तो समिति जनहित में आंदोलनात्मक कदम उठाने के लिए मजबूर होगी।