शिक्षा और अनुशासन के क्षेत्र में एनसीसी प्रशिक्षण शिविर का आयोजन 

 

 

श्रवण सारस्वत 

रींगस (नवयत्न) । शिक्षा और अनुशासन के क्षेत्र में अग्रणी Excellence English Academy द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल के तहत NCC 3 Raj Battalion Sikar के साथ संयुक्त रूप से एनसीसी प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर को लेकर तैयारियाँ पूर्ण हो चुकी हैं।

 

शिविर आयोजन से पूर्व एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर (CO) कर्नल जे.एस. लांबा (सेना मेडल) द्वारा विद्यालय परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कैंप साइट पर सभी व्यवस्थाएँ संतोषजनक पाई गईं और स्थान को शिविर आयोजन के लिए उपयुक्त घोषित किया गया।

 

इस विशेष एनसीसी कैंप में विभिन्न स्थानों एवं विद्यालयों से लगभग 600 कैडेट्स भाग लेंगे। विद्यालय परिसर में कुल दो शिविर आयोजित किए जाएंगे। पहला शिविर 5 मई से 14 मई तक तथा दूसरा शिविर 18 मई से 27 मई तक संचालित होगा।

 

शिविर के दौरान कैडेट्स को फायरिंग, ड्रिल, अनुशासन प्रशिक्षण सहित अनेक प्रकार की गतिविधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु विभिन्न कौशल आधारित कार्यक्रम एवं सांस्कृतिक गतिविधियाँ भी आयोजित की जाएंगी।

 

गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए शिविर में भाग लेने वाले विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, खान-पान एवं पेयजल की विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि कैडेट्स को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

 

निरीक्षण के दौरान संस्था अध्यक्ष श्री प्रदीप कुमार शर्मा, संस्था सचिव प्रबल शर्मा , डायरेक्टर आरती शर्मा तथा प्राचार्य राजेन्द्र कुमार शर्मा भी उपस्थित रहे और उन्होंने शिविर की तैयारियों का जायजा लिया।

 

इस आयोजन को लेकर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है, वहीं यह शिविर क्षेत्र में अनुशासन, नेतृत्व और देशभक्ति की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

You might also like