एसडीएम ने शिक्षा विभाग अधिकारियों ओर संस्था प्रधानों के साथ बैठक, एचपीवी वैक्सीनेशन महाअभियान मे किया सहयोग का आह्वान
निसं
खेतड़ी (नवयत्न) । पंचायत समिति सभागार में गुरुवार को चिकित्सा विभाग व शिक्षा अधिकारियों के अधिकारियों के साथ बैठक का आयोजन किया। एसडीएम सुनील कुमार चौहान की अध्यक्षता में हुई बैठक में एचपीवी वैक्सीनेशन महाअभियान को सफल बनाने का आह्वान किया गया। इस दौरान एसडीएम ने राजकीय स्कूलों व निजी स्कूलों में संस्थान प्रधानों के साथ बैठक में आवश्यक दिशा निर्देश दिए। एसडीएम सुनील कुमार चौहान ने बैठक में कहा कि राज्य सरकार की ओर से बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव को लेकर इस अभियान का शुभारंभ किया गया है। इस अभियान के तहत 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर की वैक्सीन लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि देश में महिलाओं को होने वाली कैंसर की बिमारी से बचाने के लिए इस अभियान का संचालन किया गया है, किसी प्रकार के रोग से बचाने के लिए सबसे पहले टीकाकरण होना बहुत जरूरी है।

एसडीएम चौहान ने कहा कि वैक्सीनेशन को लेकर नकारात्मक भ्रांतियां फैलाई जा रही है, जो प्रत्येक व्यक्ति के लिए सही नहीं है। बेटियों के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए इस वैक्सीनेशन का सफल होना बहुत जरूरी है। अभिभावक को किसी प्रकार की भ्रांती होने पर अपने क्षेत्र के नजदीक अस्पताल में जाकर विशेषज्ञ डॉक्टर से इसकी जानकारी लेकर उसे दूर किया जा सकता है। इस दौरान उन्होंने अफवाहों से दूर रहकर बेटियों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का आह्वान किया गया है। इस अभियान के तहत खेतड़ी ब्लाक के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र व उपजिला अस्पताल पर वैक्सीनेशन किया जा रहा है। इस मौके पर बीसीएमओ डॉ हरीश यादव, डॉ महेंद्र सैनी, सीबीईओ अनुकंपा अरडावतिया, राजेंद्र यादव, मनोज कुमार सहित चिकित्सा, शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद थे।