अंधेरे में डूबा तिराहा, हाई मास्क लाइट की मांग
निसं
बुगाला (नवयत्न) । जाखल गांव से नवलगढ़ जाने वाले मार्ग पर स्थित मुख्य तिराहे पर रात के समय रोशनी का कोई इंतजाम नहीं होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय तिराहे पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
उन्होंने बताया कि यह तिराहा क्षेत्र का व्यस्त मार्ग है। इसी तिराहे के पास गौशाला संचालित है साथ ही पंचायत समिति नवलगढ़ जाने का भी यही रास्ता है। जिसके चलते दिनभर यहां आवागमन बना रहता है। लेकिन शाम ढलते ही यहां अंधेरा छा जाता है। इससे खासकर बाइक सवार और पैदल चलने वालों को खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि तिराहे पर जल्द से जल्द हाई मास्क लाइट लगाई जाए, ताकि हादसों पर अंकुश लगे। उनका कहना है कि आसपास के कई स्थानों पर हाई मास्क लाइट लगने से बेहतर व्यवस्था हुई है, लेकिन जाखल तिराहा अब भी इस सुविधा से वंचित है।