ओवरटेक के दौरान कार पलटी, तीन घायल; एक महिला रैफर
महेंद्र खडोलिया
श्रीमाधोपुर (नवयत्न) । कस्बे के जालपाली मोड़ से मऊ रोड पर एक कार दुर्घटना में तीन लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब सामने से आ रही एक गाड़ी ने तेज रफ्तार में गलत तरीके से ओवरटेक किया, जिससे कार असंतुलित होकर पलट गई।
पुलिस ने बताया कि घायलों की पहचान वीरेंद्र सिंह (25), कमला देवी (50) और संतोष देवी (54) निवासी साथलपुर बानसूर, अलवर के रूप में हुई है। घायलों ने बताया कि वे बानसूर से थोई में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे और वहां से खाटूश्यामजी दर्शनों के लिए जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों की मदद से घायलों को तुरंत श्रीमाधोपुर के राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद कमला देवी की हालत गंभीर होने पर उन्हें उच्च केंद्र के लिए रैफर कर दिया गया, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है।