पूर्व नेता प्रतिपक्ष राठौड़ के प्रयासों से मिली एसीजेएम कोर्ट की सौगात
सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न)। पूर्वनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ के निरंतर प्रयासों से तारानगर को एक और बड़ी उपलब्धि प्राप्त हुई है। भाजपा मंडल अध्यक्ष एडवोकेट अनूप खंडेलवाल ने बताया किराजस्थान सरकार के विधि एवं विधिक कार्य विभाग द्वारा तारानगर में “वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (ACJM)” न्यायालय की स्थापना की आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। अब स्थानीय लोगों को न्याय के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
इस नए कोर्ट की स्थापना से न्यायिक कार्यों में तेजी आएगी और क्षेत्र के वकीलों व आमजन को बड़ी राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा व राजस्थान सरकार में विधि एवं विधिक कार्य विभाग के कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल ने पूर्वनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ की अभिशंषा पर तारानगर में “वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (ACJM)” न्यायालय की स्थापना की आधिकारिक अधिसूचना जारी की है। इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए क्षेत्र की जनता ने मुख्यमंत्री भजनलालशर्मा व पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ का आभार व्यक्त किया है।