चेटीचंड सिंधी मेला समिति ने राष्ट्रीय तैराकी पदक विजेता परी भोजवानी को किया सम्मानित

डी. के. सैनी
जयपुर (नवयत्न) । राष्ट्रीय तैराकी प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर राजस्थान और सिंधी समाज का गौरव बढ़ाने वाली खिलाड़ी परी भोजवानी की उपलब्धि को सराहते हुए चेटीचंड सिंधी मेला समिति जयपुर ग्रेटर ने उनका भव्य अभिनंदन किया। मुख्य संरक्षक दादा सुंदर ठाकुर जी की प्रेरणा से आयोजित इस समारोह में परी को स्मृति चिन्ह (शील्ड) और 1100 रुपये की सम्मान राशि भेंट की गई। इस दौरान समिति के पदाधिकारियों ने परी के पिता कमल भोजवानी का भी शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया।
ए समिति के अध्यक्ष जयप्रकाश बूलचंदानी ने कहा कि परी ने राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर यह सिद्ध कर दिया है कि समाज की बेटियां हर क्षेत्र में अग्रणी हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि समिति का सदैव यह प्रयास रहता है कि ऐसी खेल प्रतिभाओं को उचित मंच और प्रोत्साहन मिले ताकि वे भविष्य में देश के लिए स्वर्ण पदक जीत सकें।
महासचिव रमेश मोटवानी ने कहा कि परी की यह सफलता सिंधी समाज के अन्य बच्चों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उन्होंने परी के अनुशासन और खेल के प्रति उनके समर्पण की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सम्मान से अभिभूत कमल भोजवानी ने समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के वरिष्ठजनों का यह स्नेह और आशीर्वाद परी के मनोबल को और बढ़ाएगा। वहीं, विजेता परी भोजवानी ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और कोच को देते हुए कहा कि इस तरह के प्रोत्साहन से उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलती है।
समारोह में मुख्य संरक्षक संतोष धिरवानी, सचिव जय निरंकारी, हरीश मोटवानी और प्रमोद भोजवानी सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे और सभी ने परी को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

You might also like