भाजपा सरकार बनाने में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष विष्णु चेतानी की भी मेहनत रंग लाई

सुरेंद्र शर्मा
सीकर (नवयत्न) । भाजपा के संस्थापक पं. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जन्म स्थान प. बंगाल में पहली बार भाजपा सरकार बनाने में सीकर के कार्यकर्ताओं ने अहम जिम्मेदारी निभाई है। प. बंगाल के इस चुनावी रण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सक्रियता, गृह मंत्री अमित शाह की रणनीति, राष्ट्रीय महामंत्री व प. बंगाल के प्रभारी सुनील बंसल की बूथ स्तर तक व्यूह रचना की रणनीति से समर्पित कार्यकर्ताओं ने बंगाल फतह किया।
इस ऐतिहासिक कार्य में सीकर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष विष्णु चेतानी भी राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल की कार्यकर्ताओं की टीम का हिस्सा रहे। पूर्व जिलाध्यक्ष विष्णु चेतानी गत छह माह से भी अधिक समय से प. बंगाल में प्रवास किया और उस प्रत्येक कार्य को पूर्ण करने का दायित्व वहन किया जो राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल ने दिया था। चेतानी ने कार्यकर्ताओं तक पहुंचना व प्रत्येक कार्यकर्ता से संवाद करना और संगठन को संपूर्ण फीडबैक से अवगत करवाना जिम्मेदारी से पूर्ण किया।
पूर्व जिलाध्यक्ष विष्णु चेतानी ने बताया कि वे गत छह माह से प. बंगाल में चुनावों की तैयारियों के लिए प्रवास पर रहे। गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल के कुशल नेतृत्व व मार्ग दर्शन में उन्होंने प. बंगाल में कई जिलों में प्रवास किया। बूथ स्तर तक उन्होंने कार्यकर्ताओं से निरंतर संवाद स्थापित किया और चुनावों की रणनीति बनाई।

You might also like